रोहतक। बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय में फिजियोथेरेपी संकाय की ओर से मंगलवार को न्यूरल मॉबलाईजेशन-हैंड्ज ऑन विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन सेल के तत्वावधान में पीजीआईएमएस से आई विषय विशेषज्ञ टीम ने फिजियोथेरेपी के विद्यार्थियों, रिसर्च स्कॉलर और फिजियोथेरेपिस्ट को विषय से अवगत कराया।
कुलपति प्रो. एचएल वर्मा ने फिजियोथेरेपी को इस दौर में अति महत्वपूर्ण चिकित्सा आवश्यकता बताया। उन्होंने वर्कशॉप के विषय विशेषज्ञ डॉ. भावना वर्मा और डॉ. पूनम धनखंड़ का आभार प्रकट किया। अतिथि वक्ता डॉ. पूनम धनखड़ ने तंत्रिका तंत्र की आधुनिक जानकारी साझा की। उन्होंने विभिन्न न्यूरो कंडीशन और उनका बचाव और निदान पर विचार रखे। विषय विशेषज्ञ डॉ. भावना वर्मा ने विस्तार से न्यूरल मॉबलाइजेशन विषय को समझाया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. मनोज सैनी रहे। इसमें 384 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। 215 ने पोस्टर और 45 ने पेपर प्रस्तुत किए। वर्कशॉप में 5 राज्यों के छह विश्वविद्यालयों का प्रतिनिधित्व रहा। कहा कि गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा गत माह का लक्ष्य था, जिसे अप्रैल माह में योजना करके अब मूर्तरूप दिया गया। ज्ञात हो कि बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय में फिजियोथेरेपी की ग्रेजुएट डिग्री बीपीटी, पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री एमपीटी और पीएचडी प्रोग्राम उपलब्ध हैं। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. एचएल वर्मा, रजिस्ट्रार डॉ. मनोज वर्मा, डीन एकेडमिक अफेयर प्रो. नवीन कपिल, संकाय के डीन डॉ. विनय जग्गा ने दीप प्रज्वलन करके किया। मंच संचालन डॉ. सोनिया ने किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के आईक्यूएसी डायरेक्टर डॉ. देवेंद्र कुमार वशिष्ठ, डॉ. ज्योति रानी, डॉ. सोनम बिसला, डॉ. प्रीति सांगवान, डॉ. प्रीति लठवाल, डॉ. प्रदीप डॉ. नीरज मौजूद रहे।े