रोहतक। पीजीआई प्रशासन ने अंगदान को बढ़ावा देने और आमजन को इसके प्रति जागरूक करने के लिए अलग सेल का गठन किया है। सेल के माध्यम से लोगों की काउंसिलिंग की जाएगी और अंगदान संबंधी गतिविधियों को संस्थागत स्तर पर गति दी जाएगी।
पीजीआई के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. कुंदन मित्तल ने 16 जून को आदेश जारी कर सेल के गठन की जानकारी दी। इसका उद्देश्य संस्थान में अंगदान से जुड़ी गतिविधियों को संगठित रूप से संचालित करना और अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करना है।
सेल पांच सदस्यों की निगरानी में कार्य करेगी। इसमें एनेस्थीसिया विभाग के प्रो. डॉ. तरुण यादव, न्यूरोलॉजी विभाग के प्रो. डॉ. गोपाल कृष्ण, नेफ्रोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अंकुर गोयल तथा ट्रामा सेंटर के इंचार्ज एवं ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर रोहित को शामिल किया गया है।
संस्थान में पहले से अंगदान जागरूकता के लिए एक कमेटी कार्यरत थी। नए सेल के गठन से इस पहल को संस्थागत पहचान और अधिक प्रभावी कार्यप्रणाली मिलेगी।