फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएमओ की पत्नी समेत 4 कोरोना पॉजिटिव मिलने से पीजीआई कैंपस भी बना हॉट स्पॉट

विज्ञापन
विज्ञापन
कोरोना संक्रमण के जिले में रोज केस बढ़ रहे हैं। पीजीआई के सीएमओ की पत्नी, एंबुलेंस चालक व दो सफाई कर्मचारियों की रिपोर्ट शनिवार शाम पॉजिटिव आने के साथ ही पीजीआई कैंपस भी हॉट स्पॉट बन गया है। इसके साथ ही जिले में पॉजिटिव केसों की संख्या 12 पहुंच गई है। कैंपस में चार केस पॉजिटिव आने से हड़कंप मचा हुआ है। चिकित्सकों के रिहायशी इलाके के पार्क तक को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया। इसके अलावा विश्राम सदन को भी नियंत्रण क्षेत्र में शामिल कर लिया गया है। पॉजिटिव पाए गए सफाई कर्मचारी यहां अन्य कर्मचारियों के साथ ही रह रहे थे। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने देर रात यहां सैंपलिंग शुरू कर दी है।
विज्ञापन

लैब में 56 में से 10 की रिपोर्ट मिली पॉजिटिव
पीजीआई की लैब में जांच के बाद शनिवार को 10 नए पॉजिटिव केस सामने आए। लैब में 56 सैंपल जांचे गए। इनमें से चार पॉजिटिव केस रोहतक, तीन बहादुरगढ़, दो झज्जर व एक गुरुग्राम का है। रोहतक के आठ केस निगेटिव पाए गए। इसके अलावा 328 केस क्वारंटीन रखे गए हैं। पीजीआई में चार नए केसों के साथ अब कुल आठ पॉजिटिव भर्ती हैं। इनका इलाज शुरू कर दिया गया है। जिले में अब तक 12 पॉजिटिव केस सामने आए हैं।
केस हिस्ट्री तलाश रही टीम
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोरोना पर शिकंजा कसने के लिए पॉजिटिव मिले चारों केसों की हिस्ट्री तलाशना शुरू कर दिया है। पीजीआई के सीएमओ की शिक्षिका पत्नी कैंपस में रहती है। ऐसे में शिक्षिका की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलना चिंता का विषय है। यही नहीं सीएमओ का भी अस्पताल में सैकड़ों लोगों से संपर्क रहता है। इसके अलावा एंबुलेंस चालक पूरे कैंपस में घूमता है। यह कर्मचारी रुड़की का रहने वाला बताया गया है। पॉजिटिव मिले दो सफाई कर्मचारी पाड़ा मोहल्ला के रहने वाले हैं। ये पिछले कुछ समय से कैंपस में बने विश्राम स्थल में अन्य करीब 60 कर्मचारियों के साथ रह रहे हैं। इन सभी को यहीं क्वारंटीन करने की तैयारी है।
विज्ञापन

देर रात तक चली कर्मचारियों की सैंपलिंग
कैंपस में चार पॉजिटिव केस मिलने के बाद हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला की देखरेख में कैंपस का दौरा किया। विश्राम सदन में रह रहे कर्मचारियों की कोरोना जांच शुरू की गई। यह काम देर रात तक जारी रहा। विश्राम सदन के करीब 60 से ज्यादा कर्मचारियों के सैंपल लेने के लिए महामारी नियंत्रक डॉ. विवेक मोर की देखरेख में पूरी टीम जुटी रही।
आज चलेगा सैनिटाइजेशन अभियान
कोरोना पॉजिटिव केसों ने दूसरे लोगों की स्वास्थ्य संबंधी चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में आपात विभाग व कैंपस के रिहायशी क्षेत्र में सैंपलिंग के अलावा सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जाना जरूरी हो गया है। इसकी तैयारी के देर रात ही प्रयास शुरू कर दिए गए। रविवार सुबह स्टाफ के सैंपल लेने के साथ सैनिटाइजेशन अभियान चलाए जाने की संभावना है।
सीनियर डॉक्टर भी शक के दायरे में आए
पीजीआई में शुक्रवार रात शराब माफिया से जुड़े आरोपी को लाया गया था। यहां मामले की गंभीरता व उसकी स्वास्थ्य जांच को लेकर सीनियर डॉक्टर भी पहुंचे। ऐसे में इन डॉक्टरों के भी पॉजिटिव होने का संदेह बन गया है। पॉजिटिव केस के संपर्क में आने पर इन्हें भी क्वारंटीन करना पड़ सकता है।
इमरजेंसी में ही मिलेगी हर जरूरी दवा
कैंपस में एक ही दिन चार पाजिटिव केसों ने पीजीआई व हेल्थ यूनिवर्सिटी प्रशासन का ध्यान खींचा है। इसके चलते शनिवार रात ही हेल्थ यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. ओपी कालरा ने अधिकारियों की बैठक बुलाई। यहां आपातकालीन विभाग के डीएसएम डॉ. संदीप को मरीजों की सुविधा को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए। उन्हें इमरजेंसी में हर जरूरी दवा मुहैया कराने के साथ ही किसी भी मरीज को बाहर दवा के लिए नहीं भेजने की सख्त हिदायत दी गई। इसके अलावा रविवार को सैंपलिंग प्रक्रिया चलाने के भी निर्देश दिए।
शनिवार को कोरोना के चार नए पॉजिटिव केस मिले हैं। ये सभी कैंपस में रहने वाले हैं। इनमें से एक डॉक्टर की पत्नी, एक एंबुलेंस चालक व दो सफाई कर्मचारी हैं। इन्हें भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है। जिले में अब तक 12 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। जबकि 328 को क्वारंटीन रखा गया है। फिलहाल आठ कोरोना पॉजिटिव भर्ती हैं। देर रात ही संदिग्धों की स्वास्थ्य जांच शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन

डॉ. अनिल बिरला, सिविल सर्जन।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें