रोहतक। बाबा मस्तनाथ चौक पर पानी की समस्या लेकर सोमवार शाम 6:30 बजे माजरा गांव के लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने करीब एक घंटा जाम लगाकर प्रशासन व जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ रोष प्रकट किया। बाद में डीएसपी सांपला राकेश मलिक व अन्य अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समस्या के समाधान का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
सोमवार शाम को माजरा के ग्रामीण बाबा मस्तनाथ चौक पर पहुंचे। यहां सभी ने सड़क पर जाम लगा दिया। इनका आरोप है कि पिछले दो दिन से गांव में पीने का पानी नहीं आ रहा है। दिल्ली रोड स्थित नहर के हैंडपंप से पानी लाना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में पानी के लिए दिन में कम से कम तीन चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
जाम की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, मगर प्रदर्शनकारी नहीं माने। इसके बाद एसडीओ नगर निगम, एसडीओ पब्लिक हेल्थ, डीएसपी सांपला व एसएचओ भी मौके पर पहुंचे। डीएसपी ने लोगों की बात सुनी और उन्हें समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम हटाया। जाम के कारण दिल्ली रोड से गुजरने वाले वाहनों व लोगों को अपने गंतव्य पर पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर निगम और जनस्वास्थ्य विभाग झाड़ रहे पल्ला
जनस्वास्थ्य विभाग से शिकायत करें तो वह नगर निगम की अमृत योजना-1 की बात कहकर पल्ला झाड़ लेता है। नगर निगम से शिकायत करते हैं तो जनस्वास्थ्य विभाग के पास जाने की बात कहते हैं। ऐसे में ग्रामीण इन दोनों विभागों के बीच चक्कर लगाने को विवश हैं। गर्मी में पानी लाने में बुरा हाल हो जाता है, इसलिए समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए।
डीसी ने अधिकारियों से मांगा जवाब
उपायुक्त अजय कुमार ने जनस्वास्थ्य विभाग व नगर निगम के अधिकारियों से पेयजल सप्लाई को लेकर जवाब मांगा है, साथ ही समस्या के समाधान के लिए स्पष्ट समय निर्धारित करने के लिए भी कहा है, ताकि लोगों को इतनी गर्मी में दूर दराज से पानी ढोकर न लाना पड़े।
वर्जन
पेयजल लाइन बिछाने का काम अमृत-1 योजना के तहत किया गया है। अब जल्द लोगों को कनेक्शन भी दे दिए जाएंगे। इसके बाद समस्या का समाधान हो जाएगा। लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
- आरके शर्मा, अधीक्षण अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग