बहादुरगढ़। चिलचिलाती गर्मी में जहां लोग बेहाल हैं उधर बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या उनकी मुश्किलें और बढ़ा रही है। मंगलवार की रात शहर के पॉश इलाके सेक्टर-6 और 2 में वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान रहे। लोगों का आरोप है कि कई बार निगम को शिकायत नंबर पर काॅल की गई, लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला।
सेक्टर-6 निवासी धीरज शर्मा, विकास गहलोत, ब्रह्मप्रकाश छिकारा, अतुल सिंह, आजाद सिंह व गुलाब ने बताया कि जहां एक तरफ गर्मी से लोगों को जीवन बेहाल हो रहा है। वहीं निगम की कार्यशैली से भी लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। मंगलवार सेक्टर-6 में बिजली की घटती-बढ़ती वोल्टेज रही। इससे लोग अपने घरों में कोई भी बिजली उपकरण नहीं चला सके। यदि बिजली का कोई भी उपकरण चलाया जाता तो उसमें खराबी आने का डर था। इसके चलते लोग रात भर परेशान रहे। सेक्टर-2 में लोगों के घरों की बत्ती ही गुल रही। न तो कूलर चल सके और न ही एसी। ऐसे में लोग रात भर बिजली समस्या से परेशान रहे। लोगों का कहना है कि उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों और कर्मचारियाें को गर्मी के सीजन को देखते हुए सर्दी के मौसम में पहले से ही तैयारी करनी चाहिए, लेकिन निगम इस तरह की कोई तैयार नहीं करता और लोगों को गर्मी के सीजन में बिजली समस्या से इसी तरह जूझना पड़ता है।
वर्जन...
सेक्टर-2 और 6 में बिजली समस्या के संबंध में किसी तरह की कोई शिकायत नहीं मिली। मंगलवार की रात करीब पौने घंटे के लिए बिजली बंद रही थी। इसके बाद चालू कर दी गई थी। बिजली समस्या आती है तो उसे तुरंत प्रभाव से निपटाया जाता है।
-सुमित कोहाड़, एक्सईएन, यूएचबीवीएन बहादुरगढ़