42 महम के गांव भैणी सुरजन में बाढ़ से बचाने के लिए फिरनी पर डाली गई मिट्टी। संवाद
महम। गांव भैणी सुरजन में शनिवार को हुई बारिश के बाद हालात और खराब हो गए हैं। गलियों में पानी भर गया है जिससे लोग घरों में कैद हो गए हैं। ग्रामीण अपने स्तर पर लगातार पानी निकालने की कोशिश कर रहे हैं मगर जलस्तर कम नहीं हो रहा है।
गांव की सरपंच काजल ने बताया कि गांव की फिरनी को मिट्टी डालकर ऊंचा किया जा रहा है। शनिवार को तेज बारिश के कारण कार्य बाधित रहा। रविवार सुबह तक बारिश जारी थी। रविवार दोपहर बाद दोबारा से गांव के चारों ओर बनी फिरनी को ऊंचा करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि गलियों का पानी बाहर निकालने के लिए ट्रैक्टर लगाए गए हैं। अभी तक प्रशासन की ओर कोई मदद नहीं मिल सकी है। डीजल भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। गांव के हालात खराब होते देख ग्रामीण अपने स्तर पर ट्रैक्टर लगाए हुए हैं।
सैमाण गांव की ओर से पानी का बहाव जारी है जिसके कारण गांव में जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। सबसे पहले गांव को बचाना प्राथमिकता है। इसके अलावा क्षेत्र के गांव बहलबा, सैमाण आदि गांवों के खेतों में जलभराव की शिकायत आ रही हैं।
बहलबा के ब्लॉक समिति सदस्य जस्सू ने बताया कि खेतों में जलभराव बढ़ता जा रहा है। किसान अपने स्तर पर खेतों का पानी ड्रेन में डालने की कोशिश कर रहे थे लेकिन सिंचाई विभाग के अधिकारी उनको ऐसा करने से रोक रहे हैं।