रोहतक। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अपने जलघर एक के चंद कदम दूर भी स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है। विभाग की जर्जर हो चुकी पुरानी पेयजल लाइनों से दूषित पेयजल घरों तक पहुंच रहा है। इस संबंध में स्थानीय लोगों की शिकायत पर भी अधिकारी कार्यवाही नहीं कर रहे हैं। अब परेशान लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं होता है तो वह उपायुक्त से मिलेंगे और सीएम विंडो पर शिकायत करेंगे। दुर्गा कॉलोनी और प्रेम नगर निवासी दूषित पेयजल सप्लाई से परेशान हैं। रामकिशन, विरेंद्र राठी, सुलोचना, नरेश, रामकिशन आदि ने रोष जताते हुए कहा कि बदबूदार और गंदा पानी आने से जीना हराम हो गया है। यदि पाइप लाइन नहीं बदली जाती तो यहां बीमारी फैलने का खतरा है। इस संबंध में उप मंडल अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि यदि विभाग की लाइन खराब होगी तो हम बदलवा देंगे। यदि उपभोक्ताओं की निजी लाइन पुरानी हो गई है तो उन्हें ही बदलवाना होगा।