बहादुरगढ़। भाजपा नेता एवं ग्रीवेंस कमेटी मेंबर जसबीर सैनी ने लोगों के साथ हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के संपदा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार से उनके कार्यालय में मुलाकात की तथा जनहित की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने की मांग की। सैनी ने सैनीपुरा रोड पर सेक्टर-9 की तरफ बन रहे नाले का काम शुरू करवाने, सेक्टर-9/9ए में बने नागरिक सुविधा केंद्र को शुरू करवाने की मांग की। साथ ही सेक्टर 9 मेट्रो फ्लैट के पास नया पार्क बनवाने की मांग रखी।
सैनी ने सेक्टर-9 में भू-माफियाओं द्वारा सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। वही सेक्टर-9/9ए में नए मकान बनाने वालों द्वारा रोड को समान डालकर रोकने वालों को नोटिस दिए जाने की बात कही, ताकि रोड रुकने के कारण आमजन को परेशानी ना हो। ग्रीवेंस कमेटी मेंबर जसबीर सैनी ने एचएसवीपी कार्यालय से संबंधित जनहित के कामों के लिए लगातार बढ़ रहे सुविधा शुल्क के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सरकार की छवि खराब करने के लिए खुलेआम कुछ अधिकारी रिश्वत की मांग कर रहे हैं। इनसे आमजन परेशान हैं। सभी शिकायतों का उचित समाधान करने का आश्वासन संपदा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार ने दिया। इस अवसर पर जयदेव शर्मा, नानक सैनी, राजपाल, नीरज कुमार, लीलाधर, शिव कुमार, अमृत सिंह, अमित कुमार आदि मौजूद थे।