फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rohtak News: लोगों को ऊबड़-खाबड़ और जर्जर सड़कों से निजात मिलने की जगी उम्मीद

विज्ञापन
14..... झज्जर रोड पर टूटी पडी सडक । संवाद
विज्ञापन
रोहतक। लोगों को बीच सड़क पर उभरे सीवर, बिखरी रोड़ियां, बड़े-बड़े गड्ढे वाली ऊबड़-खाबड़ और जर्जर सड़कों से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। नगर निगम ने शहर की अंदरूनी बारह सबसे प्रमुख सड़कों के कायाकल्प की तैयारी कर ली है। सोमवार को होने वाली निगम सदन की बैठक में इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर शहर की सरकार मंथन करेगी। ये सभी सड़कें लोक निर्माण (बीएंडआर) विभाग के अधीन हैं, इसलिए उनके अधिकारियों को विशेष तौर पर बैठक में बुलाया गया है।
विज्ञापन

सरकार ने रोहतक शहर की सड़कों के लिए 25 करोड़ रुपये का विशेष बजट प्रावधान किया है। शहर में अंदरूनी प्रमुख बारह सड़कें पीडब्ल्यूडी के अधीन हैं। जबकि, कई सड़कों की मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी नगर निगम की भी है। लेकिन दोनों ही विभागों के अधीन आने वाली सड़कों की हालत बेहद खराब है। पिछले काफी समय से सड़कों की मरम्मत नहीं हुई है। खानापूर्ति के लिए कहीं पैच वर्क किया भी गया तो वह उखड़ चुका है। शहर के लोगों के लिए सड़कें एक बड़ी समस्या बन चुकी हैं। आवागमन में परेशानी तो होती है, वाहन खराब हो रहे हैं और आए दिन इनके चलते हादसे भी होते रहते हैं। अब सरकार की ओर से बजट मिलने बाद निगम ने सड़कों की सुध लेने की तैयारी की है। इस कड़ी में पहले पीडब्ल्यूडी की सड़कों में सुधार किया जाएगा। अगले चरण में निगम अपनी सड़कों की मरम्मत करवाएगा।

लोक निर्माण विभाग के जिम्मे हैं ये प्रमुख 12 सड़कें
लोक निर्माण विभाग के अधीन पड़ने वाली अंदरूनी सड़कों में दिल्ली रोड से हिसार रोड तक, गोहाना अड्डा से वीटा चौक तक, जींद चौक से माता दरवाजा चौक तक, झज्जर रोड से एक रुपया चौक तक, वाल्मीकि चौक से जनसेवा संस्थान से आगे चौक तक, दिल्ली बाईपास से एक रुपया चौक तक, दिल्ली बाईपास से शीला बाईपास चौक तक, शीला बाईपास से सुखपुरा चौक तक, पुराना बस स्टैंड से भिवानी चुंगी तक, हुडा कार्यालय से लेकर शीला बाईपास तक सड़कें शामिल हैं। दो अन्य सड़कों की मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी भी पीडब्ल्यूडी के पास है।
विज्ञापन


निगम के अधीन हैं ये सड़कें
शहर में गलियों के अलावा कुछ मुख्य सड़कों की जिम्मेदारी नगर निगम की है। इसमें डीएलएफ की मुख्य सड़क, ग्रीन रोड, हुडा कॉम्प्लेक्स की सड़क, मॉडल टाउन की सड़क, प्रेम नगर, रेलवे रोड, किला रोड, माल गोदाम रोड, गांधी कैंप, पुराना बस स्टैंड से माता दरवाजा चौक सहित अन्य सड़कों की जिम्मेदारी नगर निगम की है।

अमृत योजना ने बिगाड़ी सड़कों की सूरत
सरकार के अमृत योजना प्रोजेक्ट ने शहर की सड़कों की हालत खस्ता कर दी है। इसमें झज्जर रोड, सरकुलर रोड, सोनीपत रोड, दिल्ली रोड सहित अन्य सड़क शामिल हैं। जिन्हें कभी सीवर लाइन तो कभी पानी की लाइन बिछाने के लिए तोड़ा गया है। सड़क को तोड़ने के बाद उसे ठीक नहीं करवाया गया, जिसके कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। यह प्रोजेक्ट अभी तक मुकम्मल नहीं हो सका है।
बॉक्स
निगम की बैठक में ये रखे जाएंगे एजेंडे
नगर निगम की बैठक में बिजली विभाग की तरफ से सब-स्टेशन बनाने के लिए जमीन देखने, भवन एवं लोक निर्माण विभाग की 12 सड़कों के रखरखाव, सफेद पट्टी व ग्रिल की मरम्मत, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण विभाग के सेक्टरों में बरसात के दिनों में पानी निकासी की दिक्कत व 12 स्थानों पर रेहड़ी वालों को सुविधा देने, नहरी विभाग के अंतर्गत आगामी वर्षा ऋतु में शहर में बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में शहर में सीवर व गंदे पानी की शिकायत, कन्हेली में डेयरी स्थापित करने के लिए व्यवस्था करने व खाली प्लाट और चार एकड़ जमीन के प्लाट काटकर बोली करवाने, अमृत योजना में पानी व्यवस्था के अंतर्गत 14 बूस्टर, सीवर व्यवस्था में चार एसटीपी, पाइप लाइन बिछाने के लिए तोड़ी सड़क व गलियां ठीक करवाने, नगर निगम के क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगवाने के बारे में विचार-विमर्श किया जाएगा।
वर्जन-
नगर निगम की बैठक में सड़कों की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही सेक्टरों में जलभराव की समस्या को लेकर भी चर्चा की जाएगी। सेक्टरों में सीवर व स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई नहीं हो रही, जिसके कारण समस्या बनी रहती है। इसको लेकर कई बार अधिकारियों को शिकायत की गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। सीवर व स्टॉर्म वाटर की जिम्मेदारी एक विभाग के पास होनी चाहिए, ताकि समय पर सफाई करवाकर समस्या को दूर किया जा सके।
- कदम सिंह अहलावत, पार्षद, वार्ड-11

अमृत योजना के तहत काम 31 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। अमृत योजना के तहत 14 पानी के बूस्टर बनकर तैयार है। वहीं, 4 एसटीपी में से तीन एसटीपी का काम पूरा हो चुका है। जबकि कन्हेली स्थित एसटीपी का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। अमृत योजना के तहत पानी व सीवर लाइन बिछाने का काम भी किया गया है।
- वसीम अकरम, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम

नगर निगम सदन की बैठक सोमवार को होनी है, जिसमें लोक निर्माण विभाग की 12 सड़कों के रखरखाव को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे। सड़कों की मरम्मत के लिए 25 करोड़ का बजट सरकार से मिला है, जिसमें नगर निगम, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की सड़कों की मरम्मत करवाई जाएगी। साथ ही अन्य एजेंडों पर भी चर्चा की जाएगी।
विज्ञापन

- मनमोहन गोयल, मेयर, नगर निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें