रेवाड़ी। रोडवेज की बसों में जल्द ही यात्री नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) से भी भुगतान कर सकेंगे। इस कार्ड के लागू होने से पात्र यात्रियों को अन्य प्रमाणपत्र दिखाने की जरूरत नहीं होगी। इस कार्ड को दिखाने पर ही किराए में छूट मिल जाएगी। परिवहन विभाग की ओर से जिले के सभी पात्र यात्रियों का पूरा डाटा कार्ड में अपलोड किया जाएगा, जिनका सामान्य यात्रियों की अपेक्षा किराया कम लगता है। यानी जिन्हें किराये में रियायत मिली हुई है। रेवाड़ी रोडवेज के डिपो की बसों में यह सुविधा अगले साल की शुरूआत तक लागू होने की संभावना है। ऐसे यात्री आमतौर पर परिचालक पर आरोप लगाते हैं कि वह पात्र होने पर भी किराये में रियायत देने से इंकार कर देता है, लेकिन अब परिचालक भी इन यात्रियों को रियायती टिकट देने से मना नहीं कर सकेगा।
बैठक में लागू करने को लेकर किया मंथन
इसको लागू करने की कवायद विभाग की ओर से शुरू कर दी गई है, जिसको लेकर पिछले दिनों उच्च अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी। इसमें कार्ड व्यवस्था लागू करने को लेकर मंथन किया गया था। नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के लागू होने से विद्यार्थी, 100 प्रतिशत दिव्यांग एक सहायक सहित मान्यता प्राप्त पत्रकार, विधानसभा व लोकसभा के सदस्य, स्वतंत्रता सेनानी, पुलिस व जेल कर्मचारियों को किराये में छूट मिलेगी। ऐसे यात्रियों को यह कार्ड परिचालक को दिखाना होगा, जिसके बाद परिचालक बिना किसी सवाल किए किराये में छूट सुनिश्चित करेगा। कार्ड को दिखाने के बाद लाभार्थी सुविधा के अनुसार ऑफलाइन व ऑनलाइन किसी भी माध्यम में टिकट का भुगतान कर सकता है। अगर किसी यात्री की पात्रता के आधार पर किराए में 50 प्रतिशत तक की छूट दी गई है तो उसका 50 प्रतिशत किराया नकद व एनसीएमसी (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) के माध्यम से भी दे सकता है, यानी इस कार्ड से ऐसे यात्री टिकट भुगतान भी कर सकेंगे, लेकिन इसके लिए उन्हें इसमें रिचार्ज कराने की आवश्यकता होगी। फिलहाल डिपो के पास 105 रोडवेज की बसें हैं, जिनमें से 97 बसें ऑन रूट हैं और बाकी 7 डीटीएच के लिए व 1 फ्लाइंग के लिए चल रही हैं। 35 बसें किलोमीटर स्कीम के तहत मार्ग पर चल रही हैं। यानी डिपो के पास कुल 140 बसें हैं, जिनमें से 132 बसें ऑन रूट हैं।
कई मार्ग पर खुले पैसों की समस्या से भी मिलेगी राहत
इस व्यवस्था के लागू होने पर कुछ हद तक छुट्टे पैसों से भी राहत मिलेगी। जिले के रेवाड़ी-बुड़ौली, रेवाड़ी-धारूहेड़ा, कनीना-महेन्द्रगढ़, रेवाड़ी-कोटकासिम, रेवाड़ी-मस्तापुर, रेवाड़ी रोहड़ाई, रेवाड़ी-गांव लाला, रेवाड़ी-जाड़रा, खोरी-माजरा, माजरा-कुंड, चंदपुरा-नारनौल, बाछोद-नारनौल, सराय-नारनौल, रेवाड़ी-पाली, कनीना-बुचावास रूट्स पर आए दिन छुट्टे पैसों को लेकर यात्री और कंडक्टर के बीच नोकझोंक होती ही रहती है। यह समस्या मात्र रोडवेज की ही नहीं, बल्कि ऑटो, टैक्सी, निजी बस, जीप व अन्य यात्री वाहनों में भी मौजूद है। इस कार्ड में रिचार्ज कर टिकट भुगतान करने की भी सुविधा होगी, जिससे ऐसे यात्रियों को खुले पैसों की जरूरत नहीं पड़ेगी। यात्री जरूरत के हिसाब से नॉन-राउंड फिगर में भी टिकट का भुगतान कर सकेंगे।
वर्जन:
डिपो को 180 ई-टिकटिंग मशीनों की उपलब्धता पूरी होने के बाद नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) बसों में लागू किए जाएंगे। सबसे पहले ई-टिकटिंग मशीन से कार्डों को कनेक्ट किया जाएगा, उसमें रियायत दर वाले यात्रियों का डाटा अपलोड किया जाएगा। यह कार्ड बस परिचालक को दिखाने पर किराये में रियायत मिल जाएगी।
-कृष्ण कुमार, डीआई, रोजवेज रेवाड़ी