मानसून सीजन में बारिश से उफान पर आई नदियों ने लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। बाढ़ से अंबाला में सड़क टूटने और नेशनल हाईवे नंबर 152-डी से संपर्क कटने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इस कारण रोहतक व चंडीगढ़ के बीच भी संपर्क टूट गया। यात्री बस स्टैंड पर चंडीगढ़ जाने वाली बस के बारे में पूछने आते रहे। एकता और हरिद्वार एक्सप्रेस रद्द होने से यात्रियों को मायूस लौटना पड़ा। रोहतक से हर रोज 400 से ज्यादा यात्री सुबह के समय एकता एक्सप्रेस में सफर करते है। ट्रेन रद्द होने का पता न चलने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना ड़ा।
मंगलवार साढ़े 12 बजे के करीब अंबाला से चंडीगढ़ हाईवे पर जमा पानी की निकासी होने बाद यातायात सुचारू रूप से शुरू हो गया था। लेकिन अन्य जिलों के यात्रियों को पता न होने के कारण यात्री कभी फोन पर तो कभी बस स्टैंड पूछताछ केंद्र पर पूछताछ करते नजर आए। वहीं रोहतक बस स्टैंड पर बने चंडीगढ़ बूथ पर यात्री न आने से वह सारा दिन खाली पड़ा रहा। पूछताछ केंद्र पर 150 से ज्यादा यात्रियों ने चंडीगढ़ रूट को लेकर पूछताछ की। चंडीगढ़ बूथ पर परिचालक सिर्फ अंबाला तक जाने वाले यात्रियों को ही बस में लेकर जा रहे थे। वहीं रेलवे स्टेशन पर सुबह के समय यात्री एकता एक्सप्रेस में जाने के लिए स्टेशन पर पहुंचे। लेकिन ट्रेन रद्द होने के कारण उन्हें मायूस लौटना पड़ा।
वर्जन
अंबाला में भारी बारिश से हुए जलभराव के कारण सिर्फ अंबाला तक ही बसें जा रही हैं। अगर चंडीगढ़ जाने का कोई विकल्प मिलता है तो बसें अंबाला से चंडीगढ़ तक जाएंगी।
कुलदीप सिंह, यातायात निरीक्षक, रोडवेज डिपो
वर्जन
बारिश का रेल यातायात पर भी व्यापक असर पड़ा है। एकता और हरिद्वार एक्सप्रेस रद्द की गई है। स्थिति ठीक हाेने और आगामी आदेशों तक यह व्यवस्था रहेगी।
बीएस मीणा, रेलवे स्टेशन अधीक्षक