रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के जेनेटिक्स विभाग में वीरवार को क्रॉनोलोजिकल जेनेटिक अपेडेट लेक्चर सीरीज 2023-24 के तहत- सर्केडियन रिदम एंड हाइपरटेंशन : ए जेनेटिक प्रस्पेक्टिव विषय पर सातवें विशेष व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस ऑनलाइन व्याख्यान में केंद्रीय विश्वविद्यालय, जम्मू एंड कश्मीर के सेंटर फॉर मॉलीक्यूलर बायोलॉजी के सहायक प्रोफेसर डाॅ. ओदेश भट्ट ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की। उन्होंने वर्तमान समय में प्रचलित बीमारी उच्च रक्तचाप का परिचय देते हुए रक्तचाप के उतार-चढ़ाव के विभिन्न मार्गों और तंत्रों को रेखांकित करते हुए सर्केडियन रिदम से इसके संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सर्केडियन रिदम के उचित नियमन से उच्च रक्तचाप विकसित होने की संभावना कम हो सकती है।
जेनेटिक्स विभाग की अध्यक्ष प्रो. मीनाक्षी वशिष्ठ ने स्वागत भाषण दिया। डाॅ. रीतू यादव ने मुख्य वक्ता का परिचय देते हुए व्याख्यान की विषय वस्तु पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम में सह आयोजन सचिव प्राध्यापक डाॅ. एसके तिवारी, डाॅ. नीलम सहरावत, डाॅ. मुकेश तंवर समेत विभाग के शोधार्थी एवं विद्यार्थी शामिल हुए।