रोहतक। हुमायूंपुर गांव के युवक व पैरा पावरलिफ्टर रोहित धनखड़ हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजन व धनखड़ खाप के प्रतिनिधि मंगलवार को डीजीपी ओपी सिंह से पंचकूला में मिलेंगे। उनको सुबह 11 बजे का डीजीपी कार्यालय से मिलने का समय मिला है। रविवार को गांव में रोहित की तेरहवीं पर कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
हुमायूंपुर निवासी कप्तान सिंह ने बताया कि 27 नवंबर को उनका भतीजा रोहित दोस्त जतिन के पास चरखी दादरी जिले के गांव बौंद कलां गया था। वहां से जतिन की बहन की ननद की शादी में शामिल होने भिवानी जिले के गांव रेवाड़ीखेड़ा चला गया। वहां बरात में आए युवकों से विवाद हो गया।
आरोप है कि तीन कार सवार युवकों ने रोहित व जतिन पर हमला कर दिया। जतिन तो भाग गया लेकिन रोहित को पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दो दिन बाद उसने पीजीआई में दम तोड़ दिया। मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजन नाराज हैं।