रोहतक। विश्व फाइट क्लब अकादमी के तत्वावधान में अस्मिता वूमेन खेलो इंडिया के तहत जिले के गांव बहुअकबरपुर में लड़कियों को खेलों के प्रति जागरूक करने और प्रतिभाओं के चयन के उद्देश्य से वुशू प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से 246 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में पानीपत की टीम ने प्रथम, रोहतक ने द्वितीय और हिसार की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रविंद्र बल्हारा ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री हिमांशु ग्रोवर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से महिला खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।
जूनियर 45 किलोग्राम वर्ग में रोहतक की अश्मि ने स्वर्ण, भिवानी की मुस्कान ने रजत और पानीपत की नीतू ने कांस्य पदक जीता। जूनियर 65 किलोग्राम वर्ग में चरखी दादरी की प्रीति ने स्वर्ण, पानीपत की दीक्षा ने रजत और रोहतक की सोनिया ने कांस्य पदक हासिल किया। सब जूनियर 52 किलोग्राम वर्ग में पानीपत की दक्षिता प्रथम, रेवाड़ी की पूर्वी द्वितीय और अदिति तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अजय (चरखी दादरी), जयकुमार (रोहतक), राजीव (पानीपत), चंद (झज्जर) और हनी धनखड़ ने निभाई। कार्यक्रम में डिप्टी डायरेक्टर रामेहर खट्टर, पारुल यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधि, राकेश बल्हारा, प्रिंस, इंदर सिंह, राजवीर, संदीप कश्यप, कोषाध्यक्ष कुलदीप पानीपत सहित ग्रामीण व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। संवाद