कोच सोनू के साथ मौजूद खिलाड़ी सूरज, जयदीप, सन्नी व अनिल। स्रोत : कोच
रोहतक। म्हारे चार खिलाड़ी सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। रिठाल गांव के सूरज पहलवान का चयन सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में हुआ है। भारतीय कुश्ती टीमों के लिए 3 से 4 अगस्त को नई दिल्ली के आईजी स्टेडियम में ट्रायल आयोजित किए। इसमें सूरज के अलावा तीन खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाते हुए जाग्रेब (क्रोएशिया) में होने वाली विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए नाम दर्ज कराया है।
मेहर सिंह अखाड़े के कोच रणबीर ढाका ने बताया कि 17 से 21 सितंबर को जाग्रेब (क्रोएशिया) में सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप होगी। जिसमें चार खिलाड़ियों का चयन दिल्ली के चयन शिविर में हुआ है।
सूरज ने बताया कि वर्ष 2018 में खेलना शुरू किया। इस वर्ष अप्रैल में राजस्थान के कोटा में हुई अंडर-20 नेशनल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। परिवार खेल के खिलाफ था। वह नहीं चाहते थे मैं पहलवानी करूं। इसके पीछे का कारण आर्थिक तंगी थी। पिता रविप्रकाश ने कहते थे कि कुछ नहीं रखा पहलवानी में, पढ़ाई करो नौकरी लग जाएगी। तुझे पता नहीं है पहलवान बनने में कितना पैसा लगेगा।
इसके अलावा अखाड़े में अभ्यास करने वाले सोनीपत के बनवासा निवासी जयदीप 74 किलोभार वर्ग में, झज्जर के सन्नी 63 किलोभार व हिसार के अनिल 55 किलोभार वर्ग में सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों के परिवार में खुशी का माहौल है। मेहर सिंह अखाड़े के कोच रणबीर ढ़ाका व अखाड़ा संचालक मोहित मलिक ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।