रोहतक। नागरिक अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में मरम्मत कार्य को शुरू हुए एक माह से अधिक हो चुका है लेकिन अब तक पूरा नहीं हो पाया है। मजबूरी में लेबर रूम के पास शिफ्ट ओटी को वापस शिफ्ट नहीं किया जा रहा है।
ओटी को शिफ्ट नहीं किया गया है। ऐसे में मरीजों को ऑपरेशन के लिए 30 दिन तक की वेटिंग दी जा रही है। शनिवार को अस्पताल में मरीजों ने वेटिंग को लेकर अपनी पीड़ा बताई।
एक माह पहले अस्पताल में मरम्मत के चलते 10 दिन के लिए ऑपरेशन थिएटर लेबर रूम के पास शिफ्ट किया गया था। अब भी ओटी पर ताला लटका हुआ है। ओटी शिफ्ट होने के बाद रोजाना औसतन होने वाले ऑपरेशन की संख्या घट गई थी। मरीजों को वेटिंग दी जाने लगी।
पहले रोजाना लगभग 15 ऑपरेशन किए जाते थे। इनमें नेत्र, अपेंडिक्स, सिजेरियन व अन्य ऑपरेशन के लिए आने वाले मरीज शामिल थे। अस्पताल की तरफ से इमरजेंसी केसों का प्राथमिकता के आधार पर ऑपरेशन करने का दावा है।
-
केस-1
चमारिया गांव से आईं राजो ने बताया कि आंखों में दिक्कत होने पर अस्पताल में इलाज के लिए आई हूं। यहां डॉक्टर ने जांच कर भेंगापन बताया। ओटी में मरम्मत चलने के कारण एक माह तक इंतजार करने के लिए कहा गया है। जल्द इलाज की बात कही तो पीजीआई जाने के लिए बोला है। -
केस-2
देव कॉलोनी से आए तीमारदार दुष्यंत ने बताया कि बहन की आंखों में मोतियाबिंद की समस्या है। उनके साथ अस्पताल आया था। ऑपरेशन के लिए एक माह का समय दिया है। वजह ओटी की मरम्मत बताई जा रही है।
लोक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य व बीएंडआर विभाग की तरफ से मरम्मत कार्य किया जा रहा है। उनकी तरफ से ही देरी हो रही है। 10 दिन में काम पूरा होने का आश्वासन दिया गया था। अब भी पांच दिन तक करने की बात कह रहे हैं।
- डॉ. पुष्पेंद्र, सीनियर मेडिकल ऑफिसर, नागरिक अस्पताल
15-नागरिक अस्पताल में बंद ऑपरेशन थियेटर। संवाद