जिले की ड्रेन का निरीक्षण करते डीसी । विज्ञप्ति
रोहतक। उपायुक्त बाढ़ बचाव प्रबंधों, जल निकासी के प्रबंधों तथा ड्रेनों की सफाई व्यवस्था जांचने पहुंचे। मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को बाढ़ बचाव व जल निकासी के सभी प्रबंधों को 30 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान सिंचाई विभाग की कार्यशाला का भी अवलोकन कर विभाग के पास उपलब्ध पंप सेटों की जानकारी ली।
उपायुक्त अजय कुमार ने सबसे पहले ड्रेन 8 पर सिंहपुरा गांव में पंप हाऊस का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से जल निकासी के पुख्ता प्रबंधों की जानकारी ली। समर गोपालपुर गांव में 2.77 करोड़ रुपये की राशि से निर्माणाधीन पंप हाउस का निरीक्षण किया। सरकार द्वारा इस गांव के जल की निकासी के लिए गत दिनों पंप हाउस तथा समर गोपालपुर ड्रेन के निर्माण के लिए 2.2 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
इसके उपरांत गांव बहु अकबरपुर में हिसार-दिल्ली बाईपास पर ड्रेन क्राॅसिंग का जायजा लिया, बहलंबा, खरकड़ा व मोखरा गांव में महम ड्रेन की सफाई का मौके पर निरीक्षण किया। मोखरा गांव में इस ड्रेन के लगभग पौने 2 किलोमीटर हिस्से के तटबंधों के सुदृढ़ीकरण तथा सफाई के कार्य पर 9 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है।
उपायुक्त ने इलेक्ट्रिक और डीजल पंप सेट की जानकारी ली
उपायुक्त ने दिल्ली बाईपास स्थित सिंचाई विभाग की मैकेनिकल डिविजन की कार्यशाला का निरीक्षण किया। कार्यशाला में उपलब्ध इलेक्ट्रिक व डीजल पंप सेट की जानकारी हासिल की। विभाग के पास जिले में 41 स्थाई पंप हाउसों पर 131 पंप उपलब्ध है। इनमें से 8 पंप सेट की मरम्मत की जा रही है। जो 30 जून तक पूर्ण करवा दी जाएगी। कार्यशाला में अस्थायी प्रबंधों के लिए जल निकासी के लिए 292 इलेक्ट्रिक व डीजल पंप सेट उपलब्ध है। इनमें से 64 पंप सेट की 30 जून तक मरम्मत करवाई जा रही है। विभाग के पास 89 डीजल पंप सेट है तथा इलेक्ट्रिक पंप सेट है। विभाग के पास 3 क्यूसेक क्षमता से 10 क्यूसेक क्षमता के इलेक्ट्रिक तथा 2 क्यूसेक क्षमता के डीजल पंप सेट उपलब्ध है।