रोहतक। औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी के लिए सामान लेकर आए एक ट्रक के हेल्पर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का मानना है कि व्यक्ति की हृदयघात से मौत हो हुई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का खुलासा हो सकेगा।
प्रभारी निरीक्षक दिलबाग सिंह ने बताया कि कान्ही निवासी प्रेमसिंह (65) आईएमटी थानाक्षेत्र के ट्रक पर हेल्पर के रूप में काम करता था। शुक्रवार शाम को चालक के साथ ट्रक में वह एक कंपनी का सामान लेकर पहुंचा था। इसे ट्रक पार्किंग में खड़ा कर दिया और चालक कंपनी में बिल लेने चला गया। इस बीच प्रेम सिंह सो गया। कुछ देर बाद चालक वापस आया तो देखा कि प्रेम सिंह की मौत हो चुकी है। चालक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और फिर परिजन को सूचित किया। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि प्रथम दृष्टया मौत हृदयघात होने से प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असल कारण का पता चल सकेगा।