रोहतक। सांपला थानाक्षेत्र के हसनगढ़ गांव निवासी एक युवक से पहले दो बदमाशों ने रास्ता पूछा फिर उसकी पिटाई की। उसके बाद मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, सिटी थानाक्षेत्र में सुंदरपुर गांव निवासी युवक से बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। घटना के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़ित वीरेंद्र ने बताया कि 4 अक्तूबर की सुबह वह सैर करने के लिए घर से निकला था। जब हसनगढ़ बाजार की ओर से जाने लगा तो पीछे से एक बाइक पर तीन बदमाश आए। पहले तो उन्होंने रास्ता पूछा और फिर बाइक रोककर उसकी गर्दन पकड़कर पूछा कि वह उसे जानता है। उसने इन्कार कर दिया। इस पर युवकों ने उसके साथ मारपीट कर मोबाइल लूट लिया और फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, सिटी थानाक्षेत्र में सुंदरपुर निवासी पवन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 3 अक्तूबर की शाम को टहलने के लिए गया था। वह शाम को ड्रेन नंबर-8 की पुलिया पर बैठ गया और कुछ ही देर में बाइक पर सवार होकर दो युवक आए। उन्होंने बाइक रोककर पानीपत का रास्ता पूछा और उसी दौरान पीछे बैठे बदमाश ने मोबाइल पर झपटटा मारा और फरार हो गए। बाइक पर बदमाशों ने नंबर प्लेट को भी हटा लिया था। पुलिस ने मामला दर्ज करके बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
कमरे से छह मोबाइल और 10 हजार रुपये चोरी
रोहतक। सिटी थानाक्षेत्र के सैनी आनंदपुरा निवासी एक मकान में घुसकर चोर कमरे से दो मोबाइल चोरी करके ले गए। पीड़ित प्रवीन कुमार की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने बताया कि तीन अक्तूबर की रात को सोए थे और सुबह चार अक्तूबर को देखा तो उनके दो मोबाइल चोरी हो चुके थे। उसी रात राजकपूर और जोगेंद्र के घर से दो-दो मोबाइल और 10 हजार रुपये भी चुराकर ले गए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी।