बहादुरगढ़। जन स्वास्थ्य विभाग क्षेत्रवासियों की सुरक्षा व हादसों को रोकने के लिए कितना संजीदा है, इसका अंदाजा शहर में खुले सीवर के मैनहोल को देखकर लगाया जा सकता है। शहर की कई कॉलोनियों और सड़कों पर सीवर खुले हैं, मगर इन्हें ढकने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग कोई जहमत नहीं उठा रहा है। अधिकारी हादसा होने के बाद जागते हैं।
शहर के छोटूराम नगर में फाटक से निकलने वाली मुख्य सड़क पर सीवर के ढक्कन गायब हैं। कभी भी इन खुले सीवरों की चपेट में आकर कोई भी हादसे का शिकार हो सकता है। यहां के दुकानदार मनोज कुमार, मोनू, सतबीर सिंह, विजय कुमार, प्रवीण शर्मा ने बताया कि कॉलेनी की मुख्य सड़क पर सीवर खुला पड़ा है। दुकानदारों ने इस सीवर की चपेट में कोई न आए, इससे बचने के लिए कट्टों में मिट्टी भरकर रखी है। यह ढक्कन कोई एक-दो दिन से नहीं खुला है, बल्कि हफ्ते भर से खुला है। इसे ढकने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शिकायत दी गई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। शायद अधिकारी किसी बड़े हादसे के इंतजार में है। उन्होंने कहा कि जब कोई बड़ा हादसा होता है तो अधिकारी जागते हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन सैंकड़ों की संख्या में दुपहिया, राहगीर और चार पहिया वाहन निकलते हैं। राजूदीन का कहना है कि सफाई कर्मचारियों की लापरवाही के कारण कई दिनों से मेनहोल खुले पड़े हैं।
वर्जन
छोटूराम नगर में सीवर खुले होने की कोई शिकायत नहीं मिली है। फिर भी उसे ढकवाया जाएगा। आमजन की परेशानी को निपटाया जाएगा।
-दलबीर देशवाल, जेई, जन स्वास्थ्य विभाग बहादुरगढ़