सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की लगी लाइन
सांपला। इलाके में उमस भरी गर्मी ने लोगों को बीमार करना शुरू कर दिया है। सोमवार को उमस और बिजली कटौती के चलते लोग परेशान रहे। गर्मी और उमस का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर साफ दिख रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी की संख्या रोजाना 250 से बढ़कर 400 तक पहुंच गई। बुखार, जुकाम, वायरल संक्रमण और पेट से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। निजी अस्पतालों में भी यही हालात हैं।
वरिष्ठ डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि उमस भरे मौसम में लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। साफ-सफाई रखें, आसपास पानी जमा न होने दें और अधिक तरल पदार्थ लें। उन्होंने सलाह दी कि बुखार या तबीयत बिगड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।