रोहतक। सावन के प्रमुख उत्सवों में शामिल हरियाली तीज महोत्सव बुधवार को उदया तिथि में मनाया जाएगा। कथा के अनुसार यह त्योहार भगवान शिव और पार्वती के मिलन का उत्सव माना जाता है। सुहागिन महिला के लिए इस त्योहार का विशेष महत्व है।
महिलाओं की तैयारी के साथ-साथ तीज की तैयारी मंदिरों में भी शुरू हो गई है। इस त्योहार के दिन शिव-पार्वती और राधा-कृष्ण का घरों में व मंदिरों में विशेष पूजन किया जाता है। इस मौके पर बाजार भी सजा हुआ है। महिलाओं ने बाजारों से चूड़ी, साड़ी, जेवर आदि की खरीदारी शुरू कर दी है। वहीं, दुकानदारों ने भी अपनी दुकान सजा ली है, जिन्हें नवविवाहित पसंद कर रही हैं। बाजारों में मेहंदी लगवाने की भी तैयारी हो रही है। बाजारों में सबसे ज्यादा भीड़ मेहंदी व चूड़ियों की दुकान पर दिखाई दी।
महिलाओं को लुभाने के लिए ब्यूटी पार्लर में भी विभिन्न तरह के ऑफर निकाले गए हैं। 50 प्रतिशत की छूट महिलाओं को श्रृंगार पर मिल रही है। मेहंदी के दाम भी सामान्य चल रहे हैं। बाजार में मेहंदी 100 रुपये से शुरू होकर पांच हजार रुपये तक की लगाई जा रही है।
बॉक्स्
मेहंदी आर्टिस्ट ने बताया पांच हजार रुपये वाली मेहंदी लगाने में छह घंटे तक का समय लगता है। वहीं, 100 रुपये वाली मेहंदी दस मिनट में लग जाती है। चूड़ियाें के दामों में भी कोई इजाफा नहीं हुआ। सामान्य दाम में ही चूड़ियां बिक रही है। 40 रुपये से लेकर 100 रुपये तक की सामान्य हरी चूड़ियां मिल रही हैं। झूलों की ऑफलाइन मांग कम होकर ऑनलाइन मांग बढ़ रही है। 60 से 80 रुपये के झूले बाजार में बिक रहे हैं। झूले विक्रेता अशोक शर्मा ने बताया कोरोना के बाद बिक्री 60 प्रतिशत तक कम हो गई हैं।