रोहतक। रोडवेज डिपो ने आमजन को परेशानी से बचाने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है। इस पहल के तहत रोडवेज के कर्मचारी गांव गांव जाकर लोगों को हैप्पी कार्ड वितरित कर रहे हैं। कार्ड को एक्टिव करने के लिए 10 ई-टिकटिंग मशीन भी लगाई जा चुकी हैं।
रोडवेज डिपो की तरफ से 10 कर्मचारी रोहतक शहर में, 5 कलानौर, 5 सांपला, 5 महम, 5 लखनमाजरा, 15 बस स्टैंड तो 30 कर्मचारी अलग-अलग गांव में कार्ड वितरित करने के लिए लगाए गए हैं। रोडवेज की तरफ से यह निर्णय इसलिए लिया गया है। महम, सांपला व कलानौर के लोगों को हैप्पी कार्ड लेने के लिए रोहतक बस स्टैंड पर आने की जरूरत नहीं है। इसके लिए रोडवेज डिपो ने उन्हीं के बस स्टैंड पर हैप्पी कार्ड उपलब्ध करवाने की सुविधा शुरू कर दी है।
वर्कशॉप मैनेजर सुरेंद्र सिवाच ने बताया कि अलग-अलग सब डिविजन से रोजाना हजारों लोग हैप्पी कार्ड लेने के लिए रोहतक बस स्टैंड पर आते थे। एक साथ ज्यादा कार्ड एक्टिवेशन करने के लिए बहुत बार पोर्टल में भी दिक्कत आती थी। इन सभी समस्याओं को दूर करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। सभी डिपो के हैप्पी कार्ड इंचार्ज के नंबर जारी कर दिए गए हैं।