रोहतक। डाक कांवड़, झूला कांवड़ व गंगाजल लाने के लिए शिवभक्त हरिद्वार की ओर रुख कर रहे हैं। दूर से आने वाले श्रद्धालु हरिद्वार से लौटने लगे हैं। हरिद्वार से दिल्ली आवागमन के लिए कई कांवड़ मेला स्पेशल गाड़ियाें का संचालन किया जा रहा है। वहीं, हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए छह रोडवेज बसों व एक रेलगाड़ी का संचालन निरंतर हो रहा है।
सावन में हरिद्वार पहुंचने वाले यात्रियों के लिए रोहतक से रेलगाड़ी और रोडवेज बस चलाई जा रही हैं, जिनमें श्रद्धालु आराम से सफर कर सकते हैं।
हरिद्वार जाने वाली बसों का शेड्यूल
नया बस अड्डा से छह रोडवेज बसें हरिद्वार के लिए संचालित हो रही हैं। यहां से सुबह 4:50 बजे, 6 बजे, 9:15 बजे, 10:30 बजे, दोपहर 12:30 व 1:20 बजे बसें हरिद्वार के लिए रवाना हो रही हैं। यही बसें शाम को व अगली सुबह रोहतक के लिए वापसी कर रही हैं। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि बस में एक तरफ का 365 रुपये किराया निर्धारित है।
मंगलवार, वीरवार व शनिवार को साप्ताहिक रेलगाड़ियां संचालित
रेलगाड़ी में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बीकानेर से चलने वाली हरिद्वार एक्सप्रेस 14717 गाड़ी संचालित की जा रही है। हरिद्वार एक्सप्रेस-14717 साप्ताहिक रेलगाड़ी मंगलवार, वीरवार व शनिवार को रोहतक स्टेशन से सुबह 7:25 बजे हरिद्वार के लिए रवाना हो रही है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस ट्रेन में बुकिंग प्रक्रिया फुल है जबकि सामान्य डिब्बों में यात्री 125 रुपये में हरिद्वार तक का सफर कर सकते हैं। यही रेलगाड़ी 14718 शाम 4:45 बजे हरिद्वार से चलकर रात 11:05 बजे रोहतक पहुंचती है। इसके अलावा, रोहतक से दिल्ली पहुंचकर कई मेला स्पेशल रेलगाड़ियों में हरिद्वार से आ-जा सकते हैं।
वर्जन
बस अड्डा से छह रोडवेज बसें हरिद्वार के लिए संचालित हो रही हैं। इन्हीं बसों में श्रद्धालु रोहतक लौट सकते हैं।
- हंसराज, संस्थान प्रबंधक, रोडवेज