रोहतक। गांव खरैंटी मोड़ पर बाइक सवार दो युवकों ने पिस्तौल के बल पर गिरावड़ गांव के किसान से डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। इस संबंध में लाखनमाजरा थाने में लूट का केस दर्ज कर लिया है।
गिरावड़ गांव निवासी सत्यपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सोमवार को जींद जिले की जुलाना अनाज मंडी गए हुए थे। वहां आढ़ती से डेढ़ लाख रुपये लेकर बाइक पर सवार होकर देर रात घर लौट रहे थे।
जब वह खरैंटी मोड़ पर रात साढ़े नौ बजे पहुंचे तो बाइक सवार दो युवकों ने उनकी बाइक के आगे गाड़ी अड़ाकर उन्हें रोक लिया। एक युवक ने पिस्तौल दिखाकर जेब से रुपये निकाल लिए। इसके बाद आरोपी खरैंटी गांव की तरफ भाग गए।
पुलिस ने नाकेबंदी की मगर लुटेरों का पता नहीं चला। लाखनमाजरा थाना प्रभारी समरजीत सिंह ने बताया कि संदिग्ध युवकों से पूछताछ की जा रही है।