बावल। थाना कसौला पुलिस ने गो-तस्करी के मामले में जिला नूंह के गांव आकेड़ा निवासी जावेद को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी नूंह के थाना सदर, फरीदाबाद के थाना मुजेसर व गुरुग्राम के थाना सोहना में चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट आदि के पांच मामले दर्ज हैं।
गांव कसौला निवासी प्रकाश ने शिकायत में बताया था कि वह गोरक्षा दल का सदस्य है। 27 मई को सूचना मिली थी कि मुरादपुरी नहर के पास कुछ लोग टाटा गाड़ी में गोवंश को भर कर मेवात ले जाएंगे। जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां पर मौजूद लोग गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।
विज्ञापन
पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर गाड़ी से दो गोवंश को मुक्त करवाया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कसौला में गो संवर्धन अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी।
जांच के बाद पुलिस ने जावेद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।