प्रदेश में महज आठ दिनों में कोरोना के मामले डबल हो रहे हैं। इसलिए जरूरी है वक्त रहते इसकी रोकथाम के लिए विशेष रणनीति तैयार की जाए। यहां दिल्ली की तरह तीन गुणा जांच बढ़ाई जाए। यह कहना है कि राज्यसभा सांसद और कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा का। उन्होंने रोहतक समेत पूरे प्रदेश में तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण को लेकर गहरी चिंता जाहिर की।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार को हरियाणा की मदद के लिए आगे आना चाहिए। सरकार को हरियाणा के दिल्ली, गुजरात या महाराष्ट्र बनने का इंतजार नहीं करना चाहिए और वक्त रहते सही कदम उठाने चाहिए। केंद्र ने दिल्ली में टेस्टिंग तीन गुणा करने और टेस्टिंग रेट आधे करने के आदेश दिए हैं, उसी नीति को हरियाणा में भी लागू करना चाहिए। हरियाणा में आज भी प्राइवेट लैब टेस्टिंग के 4500 रुपये ले रही हैं। वहीं, उन्होंने लद्दाख में शहीद हुए जवानों को नमन किया और कहा कि जवानों की शहादत भारत बर्दाश्त नहीं करेगा।