संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। बस स्टैंड के अलग-अलग मार्गों के लिए बने काउंटरों पर कोई कर्मचारी ही नहीं बैठ रहा है और न ही यात्रियों के लिए कोई एडवांस बुकिंग की जा रही है। बसों की जानकारी काउंटर से न मिलने और पहले टिकट न बनने से यात्रियों को भटकना पड़ रहा है। ज्यादातर मार्गों के काउंटर सूने पड़े रहते हैं।
बस स्टैंड पर अलग-अलग मार्गों के आठ काउंटर बने हुए हैं। इन पर रजिस्टर के अलावा कोई कर्मचारी नहीं दिखता। कभी-कभी यहां रजिस्टर भी नहीं होते हैं। बस स्टैंड के काउंटर की शुक्रवार को स्थिति देखी गई। शाम 3:30 बजे करनाल, हिसार, सोनीपत व जींद मार्गों पर यात्रियों की भीड़ दिखी।
कुछ यात्री बार-बार सूचना के लिए काउंटर के पास पहुंच रहे थे लेकिन यहां कोई कर्मचारी नहीं था। हालांकि, आठ में से कलानौर, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ मार्ग के काउंटर पर ही रोडवेजकर्मी यात्रियों को जानकारी दे रहे थे, शेष काउंटर खाली ही दिखे। यहां जींद व नरवाना मार्ग के काउंटर पर कोई कर्मचारी नहीं था जबकि गत्ते पर लिखा था-पूछताछ केंद्र आगे है।
रोडवेज अधिकारियों का कहना कि बस स्टैंड पर काउंटरों पर पहले 21 परिचालक तैनात थे और हाथ से टिकट बनाते थे लेकिन ऑनलाइन टिकट सेवा शुरू होने से अब काउंटर खाली हैं। शाम 3:30 बजे काउंटर पर खड़ी यात्री सुनीता ने बताया कि सुविधा में काउंटर तो बना दिए लेकिन इनमें जानकारी और टिकट देने वाला कोई नहीं है।
इधर, महम मार्ग की बसों का इंतजार करते यात्री सुमित का कहना है कि काउंटर पर कर्मचारी हो तो यात्रियों को सूचना के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। अब रोजाना यात्री बसों के स्थान से लेकर परिसर में खड़े हो जाते हैं क्योंकि उनको बसों के आवागमन की सही जानकारी नहीं मिलती।
यात्रियों की सुविधा के लिए एक पूछताछ केंद्र है। ऑनलाइन टिकट होने से काउंटर पर परिचालक नहीं है। विभाग की ओर से टिकट बुकिंग के लिए सॉफ्टवेयर बनाया जा रहा है। ऑनलाइन एडवांस बुकिंग शुरू होने पर कर्मचारियों को यहां लगाया जाएगा। महाप्रबंधक की ओर से कर्मचारियों की डिमांड भी आगे भेजी गई है।
- हंसराज, संस्थान प्रबंधक, रोडवेज
23...रोहतक के बस स्टैंड पर अलग-अलग मार्गों के लिए यात्रियों की लगी भीड़। संवाद- फोटो : संवाद