जटौला में तेल चोरी करने के लिए बनाई गई सुरंग और जोड़ी गई पाइप लाइन। स्रोत: आईओसीएल
खरखौदा(सोनीपत)। गांव जटौला में इंडियन ऑयल काॅरपोरेशन लिमिटेड की पाइपलाइन से तेल चोरी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि वारदात को नाहरा-नाहरी मार्ग के पास एक टिन शेड से अंजाम दिया जा रहा था।
तेल चोरी के लिए इस्तेमाल की जा रही हाइड्रोलिक मशीन, गैस कटर, फावड़े और अन्य सामान बरामद कर लिया गया है। साथ ही इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है। इंडियन ऑयल काॅरपोरेशन लिमिटेड के मथुरा-जालंधर प्रोजेक्ट की पाइपलाइन दिल्ली से खरखौदा होते हुए पानीपत जाती है।
पुलिस के अनुसार 12, 13 और 15 फरवरी को इस पाइपलाइन में प्रेशर डाउन का अलर्ट आया। कंपनी के पाइपलाइन इंट्रूजन डिटेक्शन एंड वार्निंग सिस्टम के साथ ही इंटेलिजेंस के माध्यम से तेल चोरी के संभावित ठिकानों की लिस्ट तैयार की गई। तलाशी अभियान चलाया गया।
आईओसीएल के उत्तरी क्षेत्र पाइपलाइन बिजवासन के प्रबंधक अशोक मीणा ने बताया कि छानबीन के दौरान नाहरा-नाहरी मार्ग से करीब 40 मीटर अंदर एक टिन शेड लगा दिखा। उसे हटाया तो पाइपलाइन से तेल चोरी का शक यकीन में बदल गया।
उन्होंने बताया कि टिन शेड के नीचे सुरंग खोदकर ईंट की दीवार बनाई गई है। मौके पर तेल चोरी के लिए हाइड्रोलिक मशीन, गैस कटर, फावड़े सहित अन्य सामान भी मिला। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई।
पहले भी होती रही है तेल की चोरी
तेल चोरी का क्षेत्र में यह कोई पहला मामला नहीं है। कंपनी ने मई 2016 में मंडोरा में तेल चोरी पकड़ी थी। मई 2017 में हलालपुर गांव के खेतों में भी वाॅल्व लगाकर पाइपलाइन से तेल की चोरी की घटना सामने आई थी। 20 दिसंबर 2020 की रात आइओसीएल की टीम ने तेल चोरी करते देखा था। कार्रवाई से आरोपी भाग गए, उनका टैंकर भी पलट गया था। इसी जगह पर अभी दस दिन पहले भी वाॅल्व लगाकर तेल चोरी की घटना सामने आई थी।