रोहतक। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने मंगलवार को जिलास्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों को एफएसएसएआई पंजीकरण या लाइसेंस लेने के लिए जागरूक करने को कहा।
बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के क्रियान्वयन, खाद्य गुणवत्ता व कारोबारियों के पंजीकरण पर चर्चा हुई। उन्होंने आमजन के स्वास्थ्य को जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के लिए नियमित निरीक्षण व आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।
रेहड़ी व स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को स्वच्छता, गुणवत्ता व सुरक्षित सामग्री उपयोग पर जोर दिया गया। अधिकारियों को उनके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक दलीप सिंह, डॉ. योगेश कादयान और मनीषा मेहरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। ब्यूरो