- जिले में 500 कृत्रिम रिचार्ज संरचनाओं का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। जल संचय-जन भागीदारी कार्यक्रम के तहत जिले में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जल संरक्षण के निर्धारित लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए गंभीरता से कार्य करें।
वह सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत देशभर में एक करोड़ कृत्रिम रिचार्ज संरचनाओं के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत जिले में 500 कृत्रिम रिचार्ज संरचनाओं का लक्ष्य है जिससे संबंधित विभाग जल्द पूरा करवाएं।
उन्होंने कहा कि जल संचय जन भागीदारी के माध्यम से वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण एवं जल भंडारण क्षमता में वृद्धि पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने पोर्टल पर डाटा अपलोड के निर्देश देते हुए कहा कि जिला स्तर पर संबंधित विभाग जल संचय जनभागीदारी पोर्टल पर सभी कार्यों का समयबद्ध अपलोड सुनिश्चित करें। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के सहायक निदेशक आशीष कुमार ने कहा कि इस अभियान का संदेश है कि जल संचय जन भागीदारी से ही मुमकिन है।