रोहतक। लघु सचिवालय के सभागार में उपायुक्त सचिन गुप्ता ने शुक्रवार को सीएम विंडो, जनसंवाद, सीपीग्राम, एनजीटी व समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और स्थायी समाधान समय अनुसार करें।
सचिन गुप्ता ने कहा कि शिकायतकर्ता के संतुष्टि स्तर को प्राथमिकता दी जाए। पोर्टलों पर दर्ज कोई भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। अधिकारियों को अपने स्तर पर भी नियमित समीक्षा कर शिकायतों के समाधान को सुनिश्चित करना होगा।
यदि एक सप्ताह के भीतर लंबित शिकायतों का समाधान नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सांपला के उपमंडलाधीश उत्सव आनंद, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह, नगराधीश अंकित कुमार, मंडल आयुक्त के ओएसडी शुभम व जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल आदि मौजूद रहे।