नरवाना। गणतंत्र दिवस को लेकर सोमवार को एसडीएम जगदीश चंद्र ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में अधिकारियों संग बैठक की। बैठक में डीएसपी कमलदीप राणा विशेष रूप से मौजूद रहे।
एसडीएम जगदीश चंद्र ने अधिकारियों को गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह को गरिमामय ढंग से संपन्न करने के लिए सभी अधिकारी व कर्मचारी अपनी-अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा से निभाएं।
उन्होंने बताया कि समारोह में पुलिस, एनसीसी कैडेट्स, कॉलेज, आईटीआई व स्काउट्स की टुकड़ियां परेड में भाग लेंगी। परेड की रिहर्सल पुलिस सहायक अधीक्षक की ओर से नियुक्त परेड कमांडर की देखरेख में करवाई जाएगी।
एसडीएम ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए तहसीलदार, सीडीपीओ, बीईओ और महिला कॉलेज की प्राचार्य सहित अन्य अधिकारियों को टीमों के चयन की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की टीमें अधिकतम छह हो और सभी प्रस्तुतियां सामाजिक संदेश, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो।
जनकल्याणकारी योजनाओं को दर्शाती झांकियां भी शामिल की जाएंगी
समारोह में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को दर्शाती झांकियां भी शामिल की जाएंगी। इनमें स्वास्थ्य, कृषि, जन स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, वन, आईटीआई तथा पशुपालन विभाग की झांकियां अनिवार्य रूप से शामिल होंगी। नगर परिषद को शहर में स्थापित देशभक्तों की प्रतिमाओं व शहीदी स्मारकों की साफ-सफाई व रंग-रोगन की जिम्मेदारी सौंपी गई। जीप व राष्ट्रीय ध्वज का प्रबंध पुलिस विभाग करेगा व सांस्कृतिक टीमों के आवागमन की जिम्मेदारी बीईओ की रहेगी। एसडीएम ने समारोह स्थल पर बिजली, जनरेटर, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी को फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल करवाई जाएगी।
समाधान शिविर में जन समस्याएं भी सुनीं
बैठक के दौरान एसडीएम ने उपमंडल स्तरीय समाधान शिविर में जन समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। बैठक में तहसीलदार निखिल सिंगला, नायब तहसीलदार रणबीर सिंह, बीडीपीओ तरुण सुथार, बीईओ सरोज देवी, एसडीओ बिजली विभाग दीपक नैन, सचिव नगर परिषद संदीप कुमार, सचिव मार्केट कमेटी पूजा रत्वय, जेई जन स्वास्थ्य विभाग कुशल पाल, आईटीआई प्राचार्य ओमपाल, आरएफओ अश्वनी कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।