झज्जर। शहर में बिकने के लिए आया 200 किलोग्राम पनीर वीरवार देर रात पुलिस ने पकड़ लिया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में दो सैंपल भी लिए और उसके बाद मिलावटी पनीर को गड्ढा खोदकर नष्ट कर दिया गया।
मौके से गाड़ी चालक फरार हो गया जबकि पकड़ में आए दो हेल्परों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। लैब से रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग आगामी कार्रवाई करेगा। इतनी ज्यादा मात्रा में मिलावटी पनीर शहर में बिकने के लिए आया था, जिसके बाद से खाद्य सुरक्षा विभाग भी अलर्ट हो गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के इंस्पेक्टर डॉ. राजेश वर्मा ने बताया कि वीरवार रात लगभग साढ़े 11 बजे सीएमओ कार्यालय से सूचना मिली थी कि पुलिस ने शहर में बिकने के लिए आया मिलावटी पनीर को पकड़ा है जिसके सैंपल लिए जाने हैं। पुलिस ने टीम को भट्ठी गेट पर बुलाया जहां पर पिकअप गाड़ी में पुलिस ने ड्रमों में भरा मिलावटी पनीर पकड़ा हुआ था।
सूचना पाकर डॉ. राजेश वर्मा, सिविल अस्पताल से डॉ. यशपाल मोमिया और ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार अंशुल मौके पर पहुंचे। टीम ने जब ड्रमों को खुलाया तो उसमें मिलावटी पनीर बरामद हुआ। उसका वजन लगभग 200 किलोग्राम था।
मेवात के गुर्जर नंगला से आया था पनीर
पुलिस पूछताछ में हेल्परों ने बताया कि यह पनीर मेवात के गुर्जर नंगला गांव से भरकर लाया गया था। वहां से लगभग 600 से 700 किलोग्राम लाया गया था। जब गाड़ी पकड़ी गई तो उसमें 200 किलोग्राम पनीर था। झज्जर से पहले गुरुग्राम के फर्रुखनगर में भी पनीर उतारा गया था। झज्जर में यह पनीर किस-किसको दिया जाना था उसका पता चालक के फरार होने के कारण नहीं लग पाया है। हेल्परों ने बताया कि उनका काम केवल सामान को उतारे-चढ़ाने का था और वह पहली बार ही आए थे।
पाउडर वाला दूध और रिफाइंड की थी मिलावट
डॉ. राजेश वर्मा ने बताया कि यह पनीर पाउडर वाले दूध और रिफाइंड से तैयार किया गया था। इसके अलावा अन्य कई चीजों की भी मिलावट थी जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही पूरा बताया जा सकेगा। यह पनीर स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है।
खुला पनीर बेचने की नहीं अनुमति
डॉ. वर्मा ने बताया कि हरियाणा में अब खुला पनीर बेचने की अनुमति नहीं है। सरकार ने इसके लिए नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। इसे अनसेफ वाली कैटेगरी में डाल दिया गया है। ऐसा करने पर सीधा एफआईआर ही दर्ज होगी। उनकी तरफ से पूरे जिले के वेंडरों को सूचित कर दिया है कि वह खुला पनीर नहीं बेचें।
वर्जन
वीरवार देर रात मिलावटी पनीर की सूचना मिली थी। गाड़ियों की चेकिंग की गई तो पिकअप गाड़ी में ड्रमों से पनीर बरामद हुआ। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को बुलाकर सैंपलिंग करवाई गई है। अब खाद्य सुरक्षा विभाग ही आगामी कार्रवाई करेगा।
हरेश कुमार, शहर थाना प्रभारी, झज्जर
04jjrp11- शहर में गड्ढा खोदकर डाला गया पनीर। स्रोत : विभाग