06सीटीके12..पीजीआई स्थित विजय पार्क में प्रदर्शन करते नर्सिंग एसोसिएशन के सदस्य। संवाद
रोहतक। पीजीआईएमएस की नर्सिंग एसोसिएशन बुधवार को एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर रहेगी। सरकार और नर्सिंग एसोसिएशन के बीच मामला सिरे नहीं चढ़ा तो वीरवार से पीजीआईएमएस रोहतक की नर्सिंग एसोसिएशन पूर्ण रूप से हड़ताल पर चली जाएगी।
नर्सिंग एसोसिएशन के प्रधान विकास फोगाट ने बताया कि पिछले काफी समय से मांगों को लेकर संघर्ष किया जा रहा है। इसके बावजूद भी सरकार किसी भी स्तर पर बातचीत करने के लिए तैयार नहीं है। ऐसे में उन्हें मजबूरीवश बुधवार को एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल करनी पड़ रही है। यदि बुधवार रात्रि तक भी सरकार नहीं जागती है और बातचीत के लिए आगे नहीं आती तो उन्हें मजबूरीवश 8 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाना होगा। इससे संस्थान में आने वाले मरीजों को जो परेशानियों का सामना करना पड़ेगा और इसकी जिम्मेदार सरकार और पीजीआईएमएस प्रशासन की होगी।
जनरल सेक्रेटरी राहुल वत्स ने बताया कि अभी वे 3 दिन से सुबह 8 से 3 बजे तक अपनी ड्यूटी कर रहे थे। ऐसे में ही 70 से 80 फीसदी तक वार्ड खाली हो गए हैं और सिर्फ गंभीर मरीजों को ही वार्ड में रखा जा रहा है। अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने पर ओटी और अधिकतर वार्ड बंद हो जाएंगे। वहीं मंगलवार को नर्सिंग एसोसिएशन के सदस्य विजय पार्क में एकत्रित होकर एक घंटे तक प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मनोज खटाना, सुदर्शन, जसवंती, सुमित्रा, सरोज आदि सैकड़ों नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।