जिले में शुक्रवार को 16 नए संक्रमित मरीज मिले। इसमें डेढ़ साल का बच्चा, पुलिसकर्मी, कपड़ा व्यापारी, पीजीआई का लैब तकनीशियन भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के हेल्थ बुलेटिन के अनुसार जिले में अब तक 504 संक्रमित मिल चुके हैं। 259 एक्टिव मरीज हैं, जबकि 238 डिस्चार्ज हो चुके हैं। अब तक जिले में 7 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। फिलहाल विभाग को 138 जांच रिपोर्ट का इंतजार है। अधिकांश केस पहले से ही संक्रमितों की कांटेक्ट हिस्ट्री से जुड़े हैं।
शुक्रवार को मिली रिपोर्ट में जनता कॉलोनी से पीजीआईएमएस की ओपीडी में तैनात लैब तकनीशियन, निजी जॉब करने वाला सल्लारा मोहल्ला का युवक, सांपला धर्मकांटा पर जॉब करने वाला व्यक्ति व इस्माइला की दो महिलाएं, एक छात्र, दतौड़ का डेढ़ साल का बच्चा, आर्य नगर का कपड़ा व्यापारी, चिन्योट कॉलोनी का दवा सप्लायर, आर्य नगर की गृहिणी, संडाना की दो महिलाएं, एक पुलिसकर्मी, जगदीश कॉलोनी की गृहिणी, प्रेम नगर की छात्रा और गांधी नगर की एक महिला संक्रमित मिली हैं।
विदेश से लौटी युवती मिली संक्रमित
स्वास्थ्य विभाग ने जिले में हॉट स्पॉट बने गांधी कैंप, जगदीश कॉलोनी, झंग कॉलोनी, श्रीनगर कॉलोनी में स्वास्थ्य विभाग ने माइक्रो स्क्रीनिंग कराई है। इसमें एएनएम, आशा वर्कर, हेल्थ वर्कर की स्क्रीनिंग की गई। सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला ने बताया कि इन एरिया में जो संदिग्ध मिले हैं उनके सैंपल जांच करवाए जाएंगे। वहीं बताया जा रहा है तिलयार पर क्वारंटीन में चल रही एक युवती कोरोना पॉजिटिव मिली है, जोकि विदेश से आई है।
हॉटस्पॉट बन रहे एरिया
जिले में सांपला, दतौड़, ईस्माइला, जनता कॉलोनी, गांधी नगर, आर्य नगर, सलारा मोहल्ला लगातार हॉटस्पॉट बने हुए हैं। यहां जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को अधिक स्क्रीनिंग की जरूरत है। इन एरिया में रोजाना संक्रमितों के संपर्क में आने के कारण नये मरीज सामने आ रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले दो दिनों कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा दहाई की संख्या पार नहीं कर पाया, जबकि शुक्रवार को यह फिर 16 तक पहुंच गया।
शिक्षण संस्थान व कोचिंग सेंटर बंद फिर भी बच्चे हो रहे संक्रमित
स्वास्थ्य विभाग बार-बार जनता से आग्रह कर रहा है कि वह बच्चों व बुजुर्गों को संक्रमण से बचाए। इसलिए बुजुर्गों के घर से बाहर निकलने के अलावा अधिक आयु वाले लोगों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी जाती है। इसके साथ ही बच्चों को संक्रमण से बचाने के लिए शिक्षण संस्थान व कोचिंग सेंटर बंद हैं। इसके बावजूद विद्यार्थी लगातार संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं।
संक्रमितों के आंकड़ों पर नजर
मरीज तारीख
पहला 2 अप्रैल
50वां 31 मई
100वां 4 जून
150वां 7 जून
200वां 9 जून
250वां 11 जून
300वां 14 जून
350वां 17 जून
400वां 20 जून
450वां 22 जून
500वां 26 जून
कोरोना संक्रमित युवती से छेड़छाड़
रोहतक। पीजीआईएमएस में उपचार के लिए दाखिल कोरोना संक्रमित के साथ एक स्टाफ द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। मामला अधिकारियों के संज्ञान में आते ही आरोपी कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया। अब परिजन व पीजीआईएमएस प्रशासन तय करेगा कि आरोपी पर आपराधिक मामला दर्ज कराया जाना है या नहीं।
सूत्रों के अनुसार कोरोना मरीजों के लिए बनाए गए कोविड सेंटर में वीरवार देर रात 11 बजे कोरोना संक्रमित के साथ ठेके पर लगे बीयरर ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और छेड़छाड़ की। इसके बाद रात को ट्रामा सेंटर में विवाद हुआ और मौके पर स्टाफ ने माफी मांग कर मामले को शांत करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि परिजनों ने लिखित में आरोपी की शिकायत दी है। सवाल उठाया जा रहा है कि ईसीजी करने का काम बीयरर को क्यों दिया गया, जबकि यह काम तकनीशियन का होता है। यही नहीं एक फीमेल मरीज की ईसीजी बगैर किसी महिला स्टाफ के पुरुष कर्मचारी ने कैसे की। जबकि कोविड सेंटर में महिला डॉक्टर व नर्सों की ड्यूटी रहती है। सूत्र बताते हैं कि यह मामला डॉ. वीके कत्याल के पास चला गया। जांच के बाद फिलहाल आरोपी को नौकरी से निकाल दिया गया है, क्योंकि वह ठेके का कर्मचारी था। अब अगली कार्रवाई आरोपी पर क्या करनी है, इसको पीजीआईएमएस प्रशासन और मरीज के परिजन तय करेंगे। हालांकि मामले की पुष्टि संस्थान के किसी अधिकारी व पुलिस विभाग की ओर से नहीं की गई है।
इस संबंध में डीएमएस डॉ. संदीप ने बताया कि यदि कोई शिकायत मिलती है तो सख्त कार्रवाई करेंगे। एमएस डॉ. एमजी वशिष्ठ ने बताया कि उनके पास अभी कोई लिखित शिकायत नहीं आई है, यदि कोई शिकायत आती है तो आरोपी को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।