सामान्य अस्पताल में आयुष्मान कार्ड लाभार्थियों को देते। विज्ञप्ति
रोहतक। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि निरोगी हरियाणा योजना के तहत प्रदेश के हर गरीब व्यक्ति के स्वास्थ्य की निशुल्क जांच होगी और उसका पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा। अब गरीबों का 5 लाख रुपये तक आयुष्मान योजना के तहत फ्री इलाज भी कराया जाएगा।
वह मंगलवार को सिविल अस्पताल में निरोगी हरियाणा योजना के शुभारंभ पर बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा जिन परिवारों की सालाना आय 1 लाख 80 हजार तक परिवार पहचान पत्र में दर्ज है, उन्हें पांच लाख रुपये तक फ्री इलाज की सुविधा मिलेगी। प्रत्येक परिवार अपना-अपना आयुष्मान कार्ड बनवाएं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले कांग्रेस ने अपने शासनकाल में गरीब परिवारों के घरों के बाहर बीपीएल लिखवाने का काम किया जो कि उनके साथ एक भद्दा मजाक था। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने निरोगी हरियाणा योजना से समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य जांच की अति महत्वपूर्ण योजना का शुभारंभ किया है, इससे हरियाणा का हर व्यक्ति जागरूक होगा। इस योजना में सभी जांच निशुल्क होंगी।
सिविल सर्जन रोहतक डॉक्टर अनिल बिरला ने कहा कि आयुष्मान कार्ड योजना व निरोगी हरियाणा योजना मील का पत्थर साबित होगी। निरोगी हरियाणा योजना के तहत आगामी दिनों में हर गरीब परिवार के स्वास्थ्य की विस्तृत जांच होगी। कोई भी गरीब परिवार सिविल अस्पताल में आकर अपनी जांच करवा सकता है। लोगों की स्क्रीनिंग के बाद जरूरत के मुताबिक उन्हें संबंधित चिकित्सकों को भेजा जाएगा ताकि उनका पूरा इलाज किया जा सके। समारोह में मंत्री ग्रोवर ने गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये तक फ्री इलाज के आयुष्मान कार्ड वितरित किए। इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजबीर सभरवाल, नोडल ऑफिसर डॉ. दिनेश गर्ग, रमेश भाटिया, पार्षद सुरेश किराड़, पार्षद मनोज सैनी, डॉक्टर पारितेव, डॉक्टर देवेंद्र, डॉक्टर अश्वनी, प्रशांत राणा, कपिल नागपाल, देवेंद्र राणा, सुरेश भारद्वाज समेत अनेक नागरिक मौजूद रहे।