बादली (झज्जर)। गांव की निशानेबाज बेटी पलक गुलिया का ओलंपिक खेलों के लिए चयन होने पर निमाना गांव में खुशी का माहौल है। पलक फिलहाल ब्राजील में है लेकिन गांव में लड्डू बांटे जा रहे हैं। परिवार और पूरे गांव को उम्मीद है कि उनकी बेटी ओलंपिक में सोना जरूर जीतेगी। इनकी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पलक ने कड़ा अभ्यास शुरू कर दिया है।
पेरिस में भी सोना पर निशाना लगाएगी म्हारी छोरी और देश का नाम रोशन कर देगी...एशियन गेम्स में देश के लिए स्वर्ण जीतकर जो खुशी हुई थी उसे भी दोगुना करेगी पलक गुलिया...इसी तरह की चर्चा पलक गुलिया के ओलंपिक में चयन के बाद निमाना गांव में हो रही है। दादी की खुशी का तो कोई ठिकाना ही नहीं है और कह रही है कि सोने पर सोना जीतकर पलक गुलिया ने सीना चौड़ा कर दिया है।
पेरिस में जुलाई माह में होने वाले ओलंपिक खेलों में निमाना गांव की निशानेबाज बेटी पलक गुलिया का चयन हुआ है। पलक गुलिया फिलहाल ब्राजील में है लेकिन गांव में जश्न का माहौल है। लड्डू बांटे जा रहे हैं। पिछले वर्ष सितंबर माह में हुए एशियन गेम्स में पलक की तिगड़ी टीम ने दम दिखाते हुए देश को रजत पदक दिलाया था। पलक ने एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर निशाना लगाया था । 10 मीटर एयर पिस्टल निशाना साधकर स्वर्ण पदक हासिल किया। इससे पहले खेलो इंडिया शूटिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। पलक ने भोपाल स्थित शूटिंग अकादमी में आयोजित खेलो इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप में अचूक निशाना साधकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया था। मात्र 17 वर्षीय पलक देश के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर तालिका में नंबर एक पर है। दो पदक जीतने के बाद ओलंपिक उनका अगला मिशन बन गया और चयन होने पर पूरा गांव खुशी से झूम उठा है। पलक के लिए पदक की उम्मीद लगा रहे हैं। परिजनों का कहना है कि पलक पदक के लिए कड़ा अभ्यास कर रही है।
दादी बोली - ओलंपिक में पदक जीतेगी म्हारी पलक
म्हारी बेटी का निशाना चूकेगा नहीं और सोने पर लगाकर देश की झोली में पदक डालेगी। चाची बिमला और निर्मला ने बताया कि जिस उम्मीद के साथ पलक मेहनत कर रही थी वह पूरी हो गई है जबकि पलक की बुआ बहन सोनिका और निशा का कहना है कि एशियाई खेलों के बाद अब ओलंपिक पर निशाना साधा जाएगा। पलक के पिता जोगेंद्र और चाचा जगबीर ने बताया कि सभी ग्रामीण पलक के परिस में आयोजित ओलंपिक गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने का इंतजार कर रहे हैं। फूलो देवी, कृष्णा, संतोष, बिमला, मंजू, शर्मिला, सोनम और अनीता सहित काफी संख्या में महिलाओं को बेटी से काफी उम्मीद है।
विश्व में बढ़ा रही है गांव और हरियाणा का मान
पलक ने अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ की ओर से आयोजित जूनियर विश्व कप की 10 मीटर स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। पलक ने चांगवान में आयोजित आईएसएसएफ शूटिंग विश्वकप 2022 में रजत पदक जीतकर भारत देश का नाम रोशन कर चुकी है। पलक ने शिव नरवाल के साथ जोड़ी में कांस्य पदक पर कब्जा जमाया था। पलक और शिव नरवाल की जोड़ी ने भी 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा के तीसरे स्थान के प्ले ऑफ में जीत दर्ज कर कांस्य पदक जीता था। मिश्रित एयर पिस्टल स्पर्धा में पलक और शिव की जोड़ी ने इरिना लोकतियोनोवा और वालेरी रकीमझान की कजाखस्तान की जोड़ी को एकतरफा मुकाबले में 16-0 से शिकस्त दी थी। लेवल पर अंडर-18, अंडर-21 और सीनियर श्रेणी में पलक नंबर-1 है।