एनएसएस से जुड़े और जुड़ने की मंशा रखने वालों विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है।
एनएसएस (राष्ट्रीय सेवा योजना) को इलेक्टिव सब्जेक्ट के तौर पर तैयार करने की कवायद परवान चढ़ने लगी है। मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स ने एनएसएस को क्रेडिट बेस्ड सब्जेक्ट बनाने का खाका तैयार कर लिया है।
जीसी ने इस संबंध में देश की सभी यूनिवर्सिटी को पत्र भी जारी कर दिया है कि यह कोर्स इसी सत्र से लागू किया जाए। ऐसा होने पर एनएसएस से जुड़े विद्यार्थियों को भविष्य में सीधा लाभ मिलेगा।
इस संबंध में यूजीसी के सचिव प्रोफेसर जसपाल एस. संधू ने सभी यूनिवर्सिटी को पत्र जारी कर दिया है। दरअसल, यूजीसी के सेंट्रल एडवाइजरी बोर्ड ऑफ एजुकेशन (सीएबीई) की एक बैठक 10 अक्टूबर 2013 को हुई थी।
इसमें एनएसएस को उच्च शिक्षा में एक इलेक्टिव सब्जेक्ट के तौर पर तैयार करने पर सहमति बनी थी। अब मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स ने एनएसएस को क्रेडिट बेस्ड इलेक्टिव सब्जेक्ट के तौर पर लांच करने का खाका तैयार कर लिया है। डॉ. संधू ने बताया कि इसका खाका यूजीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है। कहा कि सभी यूनिवर्सिटी इसे इसी सत्र से लागू करें ताकि विद्यार्थियों को इसका फायदा मिल सके।