रोहतक। सीसर गांव वासी वेट लिफ्टर सुनीता की ही तरह विधायक बलराज कुंडू भगवतीपुर गांव में अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी मोनू ग्रेवाल के लिए भी मसीहा बनकर पहुंचे। उनके घरेलू हालात को देखते हुए कुंडू ने एलान किया कि एनआईएस (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स) की फीस भरने के लिए मोनू की बुजुर्ग मां ने मजबूर होकर जो जमीन गिरवी रख दी थी, उसे वे अपनी जेब से 2 लाख रुपये भरकर छुड़वाएंगे और उसकी एनआईएस की 4 लाख रुपये की बकाया फीस भी वे अपनी जेब से भरेंगे।
इतना ही नहीं बिटिया मोनू ग्रेवाल के नौकायन गेम की आगामी तैयारी के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये में वे नौका और चप्पू का पूरा सेट भी खरीदकर देंगे। बातचीत के भावुक माहौल में बेटी मोनू का सिर पुचकारते हुए बलराज कुंडू ने कहा कि खर्च की चिंता छोड़ो, वो आज से मेरी जिम्मेदारी है तुम सिर्फ अपनी कोचिंग और गेम पर ध्यान दो। बलराज कुंडू ने प्रदेश सरकार की खेल नीति की खामियों और खेल मंत्री संदीप सिंह की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और ओलंपिक तक में 50 प्रतिशत मेडल हमारे हरियाणा के खिलाड़ी जीतकर लाते हैं। देश का नाम पूरे विश्व में रोशन करते हैं, लेकिन बावजूद इसके सरकार इन प्रतिभाओं की अनदेखी कर रही है, जो बेहद दुखदायी है।