नया बस अड्डा रोड पर खाली प्लॉट में पड़ा कचरा। संवाद
रोहतक। शहर के चौक व चौराहों के साथ-साथ खाली प्लाटों में कचरे के ढेर लग गए हैं। ढाई करोड़ का टेंडर देने के बावजूद नगर निगम कचरा उठाने में कामयाब नहीं हो रहा है। अब नगर निगम ने कॉमेडियन अगमजोत कौर व उसकी ग्रेसी कठपुतली का सहारा लिया है। उनकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल खुले में कचरा न फेंकने का आग्रह किया है।
निगम के रिकार्ड के मुताबिक शहर में 2 लाख 20 हजार से ज्यादा प्रॉपर्टी हैं। इसमें 20 हजार से ज्यादा खाली प्लाट हैं। पुराने शहर की अपेक्षा खाली प्लाट सेक्टर-एक, सेक्टर 2, 3, 4 में ज्यादा हैं।
मॉडल टाउन में भी कई लोगों ने लंबे समय से प्लाट खाली छोड़ रखे हैं जिनमें न केवल लंबी-लंबी घास उगी है बल्कि कचरा भी डाला जा रहा है। इससे आसपास के लोग बेहद परेशान हैं। पूर्व पार्षद कदम सिंह ने निगम आयुक्त से आग्रह किया है कि खाली प्लाटों से भी कचरा उठवाया जाए। साथ ही प्लाट मालिकों को हिदायत दी जाए कि वे चहारदीवारी करवाएं।
कॉमेडियन स्वच्छता का दे रही संदेश
निगम का कहना है कि सफाई कार्य आमजन के सहयोग के बिना संभव नहीं है। पता चला है कि कुछ लोग कूड़े को इधर-उधर फेंकते हैं। ऐसे लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने व स्वच्छता संदेश देने के लिए कॉमेडियन अगमजोत कौर से एक वीडियो बनवाई गई है।
वर्जन
लोगों से आग्रह है कि घरों, दुकानों, संस्थानों व निजी और सरकारी कार्यालयों में कूडेदान रखें। कूड़े को इधर-उधर न फेंके। कूड़ा नगर निगम के कूड़ा उठान वाले वाहन को ही दे। गंदगी फैलाने वालों के लगातार चालान काटे जाएंगे। लोगों को जागरूक करने के लिए कामेडियन का सहारा लिया गया है।
डा. आनंद शर्मा, आयुक्त नगर निगम
नया बस अड्डा रोड पर खाली प्लॉट में पड़ा कचरा। संवाद