21...नगर निगम कार्यालय में एआई आधारित कॉलिंग बॉट पोर्टल शुरू करते मेयर रामअवतार वाल्मीकि व निगम
रोहतक। नगर निगम की अगर आपके पास एप से कोई कॉल आए तो हैरान न हों। निगम अब कॉलिंग बॉट के माध्यम से भी नागरिकों से बात करेगा और उनके वॉट्सएप पर संपत्तिकर भेजा जाएगा। नगर निगम मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने सोमवार शाम को इसका शुभारंभ करते हुए कहा कि इससे आमजन को काफी सुविधा होगी व संपत्तिकर रिकवरी को भी बढ़ावा मिलेगा।
डिजिटल गवर्नेंस, पारदर्शिता एवं सुशासन की दिशा में नगर निगम ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए एआई आधारित कॉलिंग बॉट पोर्टल शुरू किया है। मेयर रामअवतार ने बताया कि यह कॉलिंग बॉट आमजन के लिए काफी सहयोगी होगा।
जो व्यक्ति संपत्तिकर भरने के लिए लाइन में लगते थे व काफी इंतजार करते थे, अब कॉलिंग बॉट के माध्यम से नागरिकों को कॉल जाएगी व उनका संपत्तिकर उनके वॉटसएप नंबर पर जाएगा। इसके साथ-साथ संपत्तिकर की अदायगी का लिंक भी पहुंचेगा। ऐसा होने से आमजन को काफी सुविधा मिलेगी।
करदाताओं से सीधे संवाद
संपत्तिकर वसूली व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं नागरिक-हितैषी बनाने के उद्देश्य से एआई (कृत्रिम बुद्धिमता) आधारित काॅलिंग बॉट की शुरुआत की गई है। इस तकनीकी पहल के माध्यम से करदाताओं से सीधे संवाद स्थापित कर प्रॉपर्टी टैक्स की रिकवरी को बढ़ावा दिया जाएगा। नागरिकों को सुविधा प्रदान करने के लिए नगर निगम के अधिकारियों की उन्होंने सराहना भी की। साथ ही यह भी कहा कि नागरिकों की सुविधा के लिए निरंतर कार्य किए जाएंगे।
-
कर भुगतान प्रक्रिया सरल
नगर निगम आयुक्त डाॅ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि एआई आधारित कॉलिंग बॉट करदाताओं को उनके बकाया कर की जानकारी, भुगतान की अंतिम तिथि व ऑनलाइन टैक्स भुगतान की प्रक्रिया के विषय में स्वतः कॉल के माध्यम से अवगत कराएगा। नागरिकों को नगर निगम कार्यालय में अनावश्यक रूप से आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी जिससे समय की बचत होगी व कर भुगतान प्रक्रिया अधिक सरल और सुगम बनेगी।
डिजिटल माध्यम से कर भुगतान
यह प्रणाली डिजिटल माध्यम से नागरिकों को कर भुगतान के लिए प्रेरित करेगी जिससे स्वैच्छिक टैक्स भुगतान में वृद्धि होगी। आयुक्त ने कहा कि एआई आधारित कॉलिंग बॉट के लागू होने से टैक्स वसूली में निरंतरता आएगी व नगर निगम की आर्थिक स्थिति और अधिक मजबूत होगी।