कलानौर। बिना मान्यता के खोले गए निजी स्कूलों पर सरकारी मेहरबानी का कोई अंत नहीं। जिन सात स्कूूलों को पिछले दिनों प्रशासन ने बंद भी कराया था, उनमें से पांच स्कूल बुधवार को बेधड़क चलते मिले। इनमें ताला तो सिर्फ फाइलों में ही लगा था, अंदर अवैध पाठशाला का संचालन हो रहा है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के सख्त निर्देशों की यह अनदेखी हैरान करने वाली है।
कलानौर खंड में क्लस्टर मुखिया ने बीते कुछ हफ्तों में कई स्कूलों को नोटिस देकर बंद कराया है। बुधवार को ऐसे सात गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों की पड़ताल करने पहुंची टीम को पांच स्कूलों में बच्चे पढ़ते मिले। इसमें लाहली गांव का स्कूल बुधवार को फिर सील किया गया, जबकि सैंपल का स्कूल बंद मिला। संवाद
खैरड़ी गांव : गेट बाहर से बंद, अंदर हो रही पढ़ाई
सहारा पब्लिक स्कूल को पुलिस दो बार बंद कराने का दावा कर चुकी है। लेकिन, बुधवार को झूठ सामने आ गया। स्कूल संचालक ने गेट को बाहर से बंद करा रखा था, जबकि दरवाजे के ऊपर से देखने पर बच्चे अंदर पढ़ते दिखाई दिए। स्कूल के ही पास से गुजर रहे गांव के पूर्व सरपंच भूपेंद्र से पूछा गया तो बोले, स्कूल बंद कब हुआ, यह तो लगातार चल रहा है।
सैंपल : गुरुद्वारे में चलता मिला स्कूल
सैंपल गांव के गुरुद्वारे में खुले एसजीएसडी स्कूल में भी बच्चे पढ़ते मिले। गांव के पंकज बताते हैं कि कुछ दिन पहले ही स्कूूल पर कार्रवाई हुई थी, लेकिन गुरुद्वारे की वजह से तालाबंदी नहीं की गई थी। यहां अब भी कक्षाएं चल रही हैं। इसी गांव में बगैर मान्यता के चलते पकड़ा गया आदर्श प्राइमरी स्कूल भी टीम ने देखा, जो अब बंद हो चुका है।
जिंदराण : फोटो खींचते ही अंदर से लगा ली कुंडी
जिंदराण गांव में गैर मान्यता प्राप्त बालाजी स्कूल भी विभाग की फाइलों में बंद है। बुधवार को यह चालू मिला। फोटो खींचते ही अंदर से आवाज आई...देखो कोई फोटो खींच रहा है। इसके बाद स्कूल संचालक बाहर निकले। जैसे ही बात करने की कोशिश की तो अंदर से कुंडी लगा ली। पड़ोसियों ने बताया कि चार दिन पहले एक टीम स्कूल सील करने आई थी। उससे बदतमीजी की गई। स्कूल सील तो हुआ, लेकिन तुरंत खोल भी लिया।
काहनौर : मकान में ही पढ़ाते मिले 100 से ज्यादा बच्चे
काहनौर का सीएससी बाल विद्यालय भी फाइलों में बंद है। बाहर से ताला भी लटका मिला। यहां मिले एक बुजुर्ग ने बताया कि स्कूल तो मकान में शिफ्ट हो गया। वहां पढ़ रहे 100 से ज्यादा छोटे-छोटे बच्चे छुट्टी होने पर बाहर भी निकले। इसी गांव में गोल्डन प्राइमरी स्कूल भी चलता मिला। स्कूल की अध्यापिका ने बताया कि उन्होंने बीईओ और सीडीपीओ से पूछकर ही दोबारा स्कूल खोला है। उन्होंने कहा है कि छोटे बच्चों को पढ़ा सकते हैं। असल में, बगैर मान्यता के यह भी नहीं चल सकते।
इनसेट ....प्रमुखता से लें
लाहली गांव में पुलिस को बुलाकर स्कूल को ताला जड़ा
लाहली गांव के एसवीएम स्कूल को पुलिस बुलाकर बुधवार को फिर सील किया गया है। गांव वालों के मुताबिक, टीम का स्कूल संचालक ने विरोध भी किया था। इसी के बाद पुलिस बुलाई गई। इसके पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। लेकिन, तालाबंदी होने के बावजूद स्कूल संचालक कुछ न कुछ जुगाड़ निकाल ही लेते हैं। वह अंदर बच्चों को फिर से पढ़ाने लग जाते हैं।
-
शिक्षा विभाग ने चिह्नित किए गैर मान्यता प्राप्त स्कूल
1. सीएससी बाल विद्यालय बल्लम
2. सीएससी बाल विद्यालय काहनौर
3. एसवीएम स्कूल लाहली
4. आईपीएस स्कूल आंवल
5. इंडियन पब्लिक स्कूल बनियानी
6. सरस्वती वंदना पब्लिक स्कूल बनियानी
7. बाल सरस्वती बीएस जूनियर विंग ककराना
8. एमडी मॉडल स्कूल ककराना
9. गोल्डन प्राइमरी स्कूल काहनौर
10. सहारा पब्लिक स्कूल खैरड़ी
11. आदर्श प्राइमरी स्कूल सैम्पल।
12. एसजीएसडी प्राइमरी स्कूल सैम्पल।
13. बालाजी प्ले स्कूल जिंदरान।
कलानौर खंड के शिक्षा अधिकारी को इंचार्ज बनाया गया है। जो भी गैर मान्यता प्राप्त स्कूल चलता मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- मनजीत मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी।
07कलानौर01...गोल्डन प्राइमरी स्कूल काहनौर का खुला पड़ा गेट व अंदर बच्चों के साथ स्टाफ। संवाद
07कलानौर01...गोल्डन प्राइमरी स्कूल काहनौर का खुला पड़ा गेट व अंदर बच्चों के साथ स्टाफ। संवाद