जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर बुधवार को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। निवर्तमान प्रधान लोकेंद्र फोगाट उर्फ जोजो का 9वीं बार चुनाव लड़ना तय है, जिनको टक्कर देने के लिए एडवोकेट नसीब पंघाल मैदान में आने की घोषणा कर चुके हैं। जबकि तीसरे प्रत्याशी को लेकर दिनभर वकीलों के बीच मंथन चलता रहा। लेकिन किसी एक वकील का नाम तय नहीं हो सका। अब बुधवार को शाम पांच बजे तक तय हो सकेगा कि प्रधान पद के लिए लोकेंद्र फोगाट व नसीब पंघाल के अलावा कोई तीसरा प्रत्याशी मैदान में आता है या नहीं।
चुनाव अधिकारी सतबीर नेहरा ने बताया कि तय चुनाव कार्यक्रम के तहत सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बुधवार को प्रधान, उप प्रधान, महासचिव, सहसचिव, लाइब्रेरी इंचार्ज व अन्य पदों के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे। पांच बजे के बाद नामांकन स्वीकार नहीं होगा। 8 दिसंबर को दाखिल नामांकन पत्रों की जांच होगी। जबकि 10 दिसंबर को नाम वापसी का दिन रहेगा। इसके बाद 16 दिसंबर को 3 हजार 87 वकील जिला बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का चुनाव करेंगे।
जोजो नौवीं बार तो पंघाल पहली बार लड़ेंगे चुनाव
बार के निवर्तमान प्रधान लोकेंद्र फोगाट उर्फ जोजो नौंवी बार प्रधान का चुनाव लड़ेंगे। अब तक वे केवल एक बार एडवोकेट उमेश भारद्वाज से चुनाव हारे हैं। बाकी सात बार जीत हासिल की है। जबकि एडवोकेट नसीब पंघाल पहली बार प्रधान पद का चुनाव लड़ेंगे। तीसरा वकील अभी सामने नहीं आया है, जो नामांकन दाखिल करेगा।