रोहतक। जिला उपायुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार ने निष्पक्ष और शांतिपूण विधानसभा चुनाव करवाने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं।
आदेश के तहत मेन पावर प्रबंधन, कंप्यूटरीकरण एवं आईटी, एसएमएस निगरानी के लिए एडीआईओ, प्रशिक्षण प्रबंधन के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नोडल अधिकारी होंगे। उनकी मदद जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी करेंगे। सामग्री प्रबंधन के लिए डीटीपी कार्यालय के एटीपी, परिवहन प्रबंधन के लिए क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव व परिवहन महाप्रबंधक, साइबर सुरक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात साइबर सुरक्षा के प्रभारी, स्वीप गतिविधियों एवं इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन प्रबंधन के लिए अतिरिक्त उपायुक्त को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ईवीएम प्रबंधन में पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता तथा आवश्यकता अनुसार ईवीएम के मास्टर ट्रेनर मदद करेंगे। कानून व्यवस्था, अर्धसैनिक बलों की तैनाती व जिला सुरक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक को नोडल अधिकारी बनाया गया है, डीएसपी मुख्यालय इनकी मदद करेंगे।
इसके अलावा आदर्श आचार संहिता को लागू करने के लिए नगर निगम के संयुक्त आयुक्त खर्च निगरानी के लिए डीईटीसी (बिक्री कर) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिनकी नगर निगम के वरिष्ठ लेखा अधिकारी मदद करेंगे। सी-विजिल, सक्षम, ई-एसएमएस, ई-एमएस तथा चुनाव से संबंधित सभी आईटी ऐप के लिए नगर निगम के संयुक्त आयुक्त नोडल अधिकारी होंगे। एडीआईओ की ओर से उनकी मदद की जाएगी। बैलेट पेपर, डम्मी बैलेट पेपर, पोस्टल बैलेट पेपर एवं ईटीपीबीएस के लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारी, मीडिया प्रबंधन के लिए जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी, संचार योजना के लिए जिला सांख्यिकी अधिकारी, मतदाता सूचियों के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी के कोर्ट रूम में स्थापित नियंत्रण कक्ष, हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 1950 एवं जन शिकायत निवारण के लिए जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नोडल अधिकारी होंगे, जिनकी उपायुक्त कार्यालय के एमए द्वारा मदद की जायेगी।