रोहतक। विधानसभा चुनाव को लेकर पांच सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। साथ ही 12 सितंबर तक नामांकन होगा। नामांकन करते समय सामान्य समुदाय के प्रत्याशी को 10 हजार रुपये तो एससी समाज के प्रत्याशी को 5 हजार रुपये जमानत राशि जमा करानी होगी।
उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग व विधि मंत्रालय ने चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के लिए दो शपथ पत्र, फॉर्म-26 में लगाने के लिए अनिवार्य किए थे, परंतु अब उनमें संशोधन करके इन दोनों शपथ पत्रों का प्रपत्र 26 में एक ही शपथ पत्र संकलित करके तैयार किया गया है। अब चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र के साथ नए नमूने में तैयार फार्म-26 में एक ही शपथ पत्र प्रस्तुत करेंगे जो नोटरी अथवा एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के समक्ष शपथ लेनी है। इस शपथ पत्र में कोई भी कॉलम खाली नहीं छोड़ा जा सकता। शपथ पत्र में प्रत्येक कॉलम को उम्मीदवार द्वारा भरा जाना अनिवार्य है। कोई भी सूचना जैसे लागू नहीं है, या जानकारी नहीं है या शून्य जैसा भी लागू है, अवश्य लिखा जाये। अगर लागू है तो पूर्ण विवरण दिया जाये। साथ ही आपराधिक पृष्ठभूमि, संपत्तियां, देनदारियां व शिक्षा आदि का पूर्ण विवरण भरना होगा। शपथ पत्र राज्य में लागू कानून के अंतर्गत स्टांप पेपर पर दिए जाएंए अगर शपथ पत्र का कोई भी कॉलम चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार की ओर से खाली छोड़ दिया जाता है तो यह नामांकन पत्र अस्वीकृत करने का कारण माना जाएगा।