रोहतक। पुलिस के खिलाफ अधिवक्ताओं का धरना-प्रदर्शन आगे बढ़ता जा रहा है। वीरवार को भी वकीलों ने धरना-प्रदर्शन किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि यह आंदोलन न्याय न मिलने तक जारी रहेगा। अब सोमवार को वकीलों की बैठक धरना-स्थल पर होगी और उसी में आगे की रणनीति तय की जाएगी।
बार एसोसिएशन के प्रधान अरविंद श्योराण ने कहा कि पुलिस ने एक केस में वकील पर केस दर्ज किया है जबकि उस प्रकरण में वकील का कोई दोष नहीं है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से भी वकीलों का प्रतिनिधिमंडल मिल चुका है और अपनी बात भी रख चुके हैं। लेकिन अभी तक वकीलों को कोई जवाब पुलिस की ओर से नहीं मिला है।
वहीं, पुलिस अधीक्षक के इस तरह व्यवहार को देखते हुए बार काउंसलिंग के चेयरमैन डॉ. बिजेंद्र अहलावत ने प्रकरण डीजीपी के समक्ष रखने की बात कही है। पत्र के माध्यम से उनको अवगत करा दिया गया है। मगर जल्द ही चेयरमैन डीजीपी से मिलकर इस समस्या का समाधान कराएंगे। उधर, वीरवार को भी अधिवक्ता धरने पर बैठे रहे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। संगठन के सचिव दीपक हुड्डा का कहना है कि शुक्रवार को भी अधिवक्ताओं का धरना-प्रदर्शन और कार्य बहिष्कार (वर्क सस्पेंड) रहेगा। जबकि सोमवार को आंदोलन को लेकर रणनीति तैयार करने पर विचार चल रहा है। इसलिए इस सप्ताह अदालत में काम नहीं होगा।
इस मौके पर उपाध्यक्ष हर्षवर्धन मलिक, संयुक्त महासचिव सुशीला देशवाल, विश्वदीप भारद्वाज व पूर्व प्रधान लोकेंद्र फोगाट समेत काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।