सांपला। सर्दियों में इस बार पूरा महीना ठंड का कहर जारी रहा। परदेस में पूरी जनवरी कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। कृषि विभाग की मानें तो पिछले 12 साल के बाद पहली बार ऐसा रहा है कि विंटर सीजन में अभी तक बारिश नहीं हुई है। इस बार जनवरी सूखा निकल गया है।
कृषि विभाग का कहना कि जनवरी में बारिश होती तो रबी की फसलों की बढ़ोतरी व पैदावार में फायदा मिलता है। जिले में करीब 1 लाख हेक्टेयर में गेहूं की और 14 हजार में सरसों की फसल लगी हुई है। इसके अलावा पशु चारा और सब्जियां, बाग लगे हुए हैं। किसान कड़ाके की ठंड में जनवरी महीने में बारिश की उम्मीद लगाए हुए थे। पूरा महीना बिना बारिश के बीत गया। 2022 में करीब 59 एमएम बारिश हुई थी। किसान राजेश कुमार, संजय, पवन कुमार आदि का कहना है कि अगर बारिश हो जाती तो गेहूं व सरसों की फसल को काफी फायदा पहुंचता। सब्जियों की फसलों में भी बढ़ोतरी नहीं हो पाई। कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉक्टर करम चंद का कहना है कि किसान अपनी फसलों में हल्का पानी लगाएं। क्योंकि सरसों की फसल में बाली आनी शुरू हो गई है। इससे दाना मजबूत होगा। गेहूं की फसल भी बढ़ोतरी करेगी। अगर पानी की व्यवस्था नहीं है तो ताजा पानी का स्प्रे कर सकते हैं। अगर पाला गिरता है तो शाम को फसल के चारों तरफ धुआं करें।