माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) शिक्षक संघ के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है लेकिन पहले दिन किसी भी पद के लिए कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ। बुधवार को दिनभर किसी भी शिक्षक ने आवेदन नहीं किया। इसके बावजूद कैंपस में चुनाव को लेकर चर्चा बनी रही।
आईएचटीएम के सभागार में सुबह से ही शिक्षकों का आना-जाना लगा रहा जिससे परिसर में चहल-पहल देखी गई। कई शिक्षक चुनाव संबंधी जानकारी लेने के लिए भी पहुंचे। दोपहर दो बजे तक प्रधान सहित विभिन्न पदों और कार्यकारिणी सदस्यों के लिए कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ। अब वीरवार को नामांकन का अंतिम दिन है जिसमें सभी पदों के लिए आवेदन आने की संभावना जताई जा रही है।
चुनाव अधिकारी डॉ. वजीर नेहरा ने बताया कि पहले दिन कोई नामांकन नहीं हुआ, हालांकि शिक्षक जानकारी लेने जरूर पहुंचे। उन्होंने कहा कि अंतिम दिन अधिक नामांकन आने की उम्मीद है, जिसके बाद आगे की चुनावी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मतदान 6 जुलाई को प्रस्तावित है।