रेवाड़ी । एक झगड़े में सुनवाई के बाद दो आरोपियों की रिपोर्ट कोविड पाजिटिव आने के बाद शनिवार को सिविल जज (जूनियर डिविजन) व रीडर सहित 9 कर्मियों के अलावा खोला थाना एसएचओ के साथ 30 पुलिसकर्मियों को भी होम क्वारंटीन कर दिया गया है। इसके अलावा जिस कोर्ट में दोनों पॉजिटिव आरोपी पेश हुए व थाने को भी सील कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। इतना ही नहीं कोर्ट में आए वकील व अन्य को भी होम क्वांरटीन रहने के लिए कह दिया गया है।
यहां से बताना जरूरी है कि खोल थाना क्षेत्र के गांव मामडिया में क्रिकेट मैच के झगड़े में दो परिवार थाने पहुंच गए थे। इसमें दो युवकों को 12 मई को गिरफ्तार कर 13 मई को कोर्ट में पेश किया गया था, वहां से कोर्ट ने उन्हें भौंडसी जेल भेजने के आदेश दिए थे। पुलिस ने जेल भेजने से पहले नागरिक अस्पताल में 13 मई को ही दोनों को कोविड - 19 टेस्ट कराए थे, 16 की रिपोर्ट में दोनों पॉजिटिव पाए गए। युवकों की 14 मई को बेल भी हो गई थी, ऐसे में सवाल है कि 15 मई तक ये कहां - कहां घूमे किसी को पता नहीं। 15 मई की रात को स्वास्थ्य विभाग की ओर पुलिस के पास दोनों को क्वारंटीन करने की सूचना भेजी गई थी।
मंडिया अहीर, आसमपुर, ठेठर, मायण, गोठड़ा सहित 9 गांव सील
गांव मामड़िया की ढाणी में दो युवकों के एक साथ कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने से आसपास गांवों में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग खोल की टीम द्वारा क्षेत्र के गांव मामड़िया अहीर, मामड़िया ठेठर, मामड़िया आसमपुर, गोठड़ा, मायण, नंगला की ढाणी में जाकर ट्रेसिंग के कार्य में जुट गई है।
बफर जोन में 13 गांव
कंटेनमेंट जोन के अलावा 14 गांव को बफर जोन में शामिल किया गया है। इनमें खालेटा, बलवाड़ी, नांधा, कढू-भवानीपुर, चिमनावास, ढाणी सांतो, बास, पाली, प्राणपुरा, मुंदी, आलियावास, बुड़ौली, बोहतवास अहीर व राजपुरा शामिल है।
राहत :: मुरलीपुर व रतनथल निवासी के संपर्क में आए लोगों की रिपोर्ट निगेटिव
कोविड के जिला नोडल अधिकारी डॉ विजय प्रकाश ने बताया कि संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग निरंतर प्रयासरत है। सेक्टर-4 चार निवासी तीन नागरिक कोविड -19 पॉजिटिव से संबधित कॉन्टेक्ट ट्रेंसिंग के आधार पर लिए गए सभी सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। मुरलीपुर गांव से मिले कोविड पॉजिटिव केस से संबंधित कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर लिए गए 12 व रतनथल में मिले पॉजिटिव केस के संपर्क में आए 21 लोग भी निगेटिव पाए गए हैं। जो कि राहत की बात है। जबकि खटावली निवासी कोविड पॉजिटिव से संबधित कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर अभी तक 56 सैंपल लिए जा चुके हैं और आठ सैंपल आईएलआई के आधार पर लिए गए हैं, रिपोर्ट का इंतजार है।
इन नंबरों पर लें मदद
कोविड - 19 की रोकथाम व उपचार के लिए हेल्प लाइन नंबर 01274-250764 मोबाइल नंबर 9466777510 और स्टेट हेल्प लाइन नंबर 1075 व 8558883911 पर मदद ले सकते हैं। उपायुक्त ने कहा कि जिलावासी लॉकडाउन के दौरान मदद के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर डायल करें। बाजार में कालाबाजारी व जमाखोरी के लिए 01274-255214 पर संपर्क कर सकते हैं।
रेवाड़ी। गांव मामडिया अहिर निवासी दो युवकों को एक मामले में खोल पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने के बाद लिए गए सैंपल में कोरोना पोजिटिव पाए जाने के बाद से खोल थाना के पूरे स्टॉक को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन कर दिया गया है। अब खोल थाना के सभ्सेेे फरियाददियों को अपनी शिकायतों के लिए कुंड या डहीना पुलिस चौकी में जाना पड़ेगा, जहां से पूर्व की भांति लोगों की शिकायतें निपटाई जाएंगी। हालांकि थाना प्रभारी की जिम्मेदारी में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कुंड व डहीना पुलिस से होगा कार्य: एसएचओ
खोल थाना के एसएचओ संजय ने बताया कि सभी कर्मचारियों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। ऐसे में लोगों से मिलना भी नहीं हो सकेगा। इसलिए क्षेत्र के किसी भी फरियादी को अपनी शिकायत के लिए कुंड या डहीना पुलिस चौकी जाना पड़ेगा।